अभिनव रंगमंडल का 40वां राष्ट्रीय नाट्य समारोह 2 फरवरी से
सभी नाटक कालिदास अकादमी के अभिरंग नाट्य गृह में संध्या 7 बजे मंचित होंगे

उज्जैन। अभिनव रंगमंडल उज्जैन ने अपनी रंग यात्रा के 44वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है, आगामी 2 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक संस्था का 40वां राष्ट्रीय नाट्य समारोह होने जा रहा है।
समारोह के पहले दिन 2 फरवरी को रंग विदूषक भोपाल द्वारा अंजना पुरी की पटकथा पर “दूसरो न कोई“ नाटक का मंचन होगा, जिसका निर्देशन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के स्नातक, कन्हैया लाल कैथवास द्वारा किया गया है, नाटक मीराबाई के जीवन पर आधारित है। 3 फरवरी को एक रंग मुंबई द्वारा फिल्म, सीरियल, वेब सीरीज, और रंगमंच के आर्ट डायरेक्टर जयंत देशमुख के निर्देशन में नादिरा बब्बर द्वारा रचित नाटक “सकुबाई“ की प्रस्तुति होगी, यह नाटक घर में काम करने वाली स्त्री के जीवन पर आधारित है। 4 फरवरी को वरिष्ठ रंग निर्देशक शरद शर्मा के निर्देशन में जे बी प्रिस्टले द्वारा रचित और सुरेंद्र शर्मा व प्रतिमा शर्मा द्वारा अनूदित नाटक “एक इंस्पेक्टर से मुलाक़ात “की प्रस्तुति होगी, यह नाटक सस्पेंस नाटक है। 5 फरवरी को डॉ एम सईद खान के निर्देशन में “ग़ालिब इन न्यू डेल्ही“ का मंचन होगा, जिसका निर्देशन और लेखन डॉ सईद आलम ने किया है, यह प्रस्तुति पिरोज़ ट्रूप नयी दिल्ली द्वारा की जायेगी। यह एक हास्य प्रस्तुति है। 6 फरवरी को मंच रंगमंच अमृतसर द्वारा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के वरिष्ठ स्नातक केवल धालीवाल के निर्देशन में “वापसी“ नाटक का मंचन होगा। यह नाटक दुनिया के खिलाफ इंसानी दया की कहानी है, नाटक की रचना अमरजीत ग्रेवाल ने की है। 7 फरवरी को रूपांतर नाट्य मंच गोरखपुर द्वारा दारिया फ़ो द्वारा रचित और अपर्णेश मिश्र द्वारा अनूदित और निर्देशित नाटक “चोर! कौन चोर ?? की प्रस्तुति की जाएगी, यह एक कॉमेडी नाटक है।
8 फरवरी की समापन संध्या पर मेजबान संस्था अभिनव रंगमंडल द्वारा प्रसिद्ध हिंदी लेखक स्वर्गीय निर्मल वर्मा की रचना “धूप का टुकड़ा“ और “डेढ़ इंच ऊपर“ नाटक प्रस्तुत होगा, यह संस्था की नयी प्रस्तुतियां होगी, जिसका निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी शरद शर्मा ने किया है। सभी नाटक कालिदास अकादमी के अभिरंग नाट्य गृह में संध्या 7 बजे मंचित होंगे। नाटक अपने निर्धारित समय पर आरंभ होंगे, प्रवेश शुल्क प्रतिदिन 50/ रू रहेगा।



