अभ्युदय आनंदम् विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास का मंच – एएसपी अभिषेक रंजन
माधव कॉलेज में वार्षिक स्नेह सम्मेलन का आगाज

उज्जैन। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव महाविद्यालय के वार्षिक स्नेह सम्मेलन अभ्युदय आनंदम् का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभ्युदय आनंदम् आपके व्यक्तित्व के संपूर्ण विकास के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही, यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने और बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित योग करने की सलाह दी।
प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम
कार्यक्रम की सारस्वत अतिथि, शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. वंदना गुप्ता ने कहा कि यह स्नेह सम्मेलन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। विद्यार्थी जीवन में ही व्यक्तित्व सही आकार लेता है और इस महाविद्यालय में इसके लिए कई बेहतरीन नवाचार हो रहे हैं। वहीं, शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरीश व्यास ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारा हौसला ही हमें आगे बढ़ने के लिए तैयार करता हैय दुनिया में ऐसी कोई समस्या नहीं है, जिसका समाधान न हो।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हिना वासेन ने वंदे मातरम् गीत पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिवाजी जयंती के अवसर पर छात्र विनीत मुकाती ने छत्रपति शिवाजी का रूप धारण कर ओजस्वी प्रस्तुति दी। छात्रा करिश्मा ने क्रीड़ा अधिकारी नवीन कोरट के मार्गदर्शन में आकर्षक श्दीप योगश् का प्रदर्शन किया। इसके अलावा, कैप्टन मोहन निमोले के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स और डॉ. नीरज सारवान के नेतृत्व में एनएसएस स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया।
युवाओं के संकल्प से होगा कॉलेज का विकास
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि युवाओं ने जब भी कोई संकल्प लिया है, तो उसे पूरा करके दिखाया है। हमारे विद्यार्थी कॉलेज के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों व स्टाफ के निरंतर सहयोग से ही संस्था विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम में अतिथियों का आत्मीय स्वागत प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह के साथ विद्यार्थी ऋषभ कोरट, अखिलेश आस्ते, दिनेश मालवीय, नंदनी दुबे, पायल राठी, साक्षी जाट और दर्शना पंवार ने किया। समारोह का सफल संचालन छात्र संघ प्रभारी डॉ. जफर महमूद ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान कई आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें मेहंदी, सलाद सज्जा, उत्सव विषय पर रंगोली तथा युवा शक्ति और विकसित भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं।



