अमला की डाली परमार का NMMS में चयन; विद्यालय परिवार ने माता-पिता का किया सम्मान
4 साल तक हर महीने मिलेगी 1000 रुपए की छात्रवृत्ति, अन्य छात्रों को दी गई प्रेरणा लेने की सीख

बड़नगर | शासकीय हाई स्कूल अमला (बड़नगर) की होनहार छात्रा कुमारी डाली परमार ने राष्ट्रीय मेरिट कम मींस (NMMS) परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार की ओर से छात्रा और उसके माता-पिता का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय सम्मान किया गया।
प्रतिमाह मिलेगी 1000 रुपए की छात्रवृत्ति
समारोह में संस्था के प्राचार्य गोपाल सोनकुसरे ने छात्रा के माता-पिता का सम्मान किया। उन्होंने परीक्षा में चयन के लाभ बताते हुए कहा कि कुमारी डाली को आगामी 4 वर्षों तक प्रतिमाह 1000 रुपए की छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। यह राशि छात्रा को अपनी आगे की पढ़ाई निरंतर जारी रखने में बड़ा सहयोग प्रदान करेगी। प्राचार्य ने शिक्षा का महत्व बताते हुए अन्य छात्र-छात्राओं से भी इस सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
सम्मान समारोह का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षक धर्मेंद्र सिंह पलासिया ने किया तथा आभार राजेंद्र राणा ने माना। इस अवसर पर विद्यालय परिवार से धन्नालाल शर्मा, राधा परमार, अनुसूया राणा, प्रियंका राठौर और सुश्री रुचि वर्मा उपस्थित रहे। पूरे विद्यालय परिवार ने होनहार छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे बधाई प्रेषित की।



