पाठशाला

अर्जुन की तरह लक्ष्य पर रखें नज़र और खुद को तराशें: पद्मश्री डॉ. नारायण व्यास

पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन 'अभ्युदय आनंदम्' का शानदार समापन। आईपीएस काजल सिंह ने कहा- प्रतियोगिताओं से निखरती है प्रतिभा।

उज्जैन। प्रधान मंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव महाविद्यालय उज्जैन में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन ‘अभ्युदय आनंदम्’ का हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के पूर्व छात्र और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. नारायण व्यास तथा सारस्वत अतिथि के रूप में आईपीएस सुश्री काजल सिंह उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के मूलमंत्र दिए और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
सोना तपकर ही कुंदन बनता है: डॉ. व्यास
मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. नारायण व्यास ने अपने छात्र जीवन की यादें ताजा करते हुए कहा, “ऐतिहासिक माधव महाविद्यालय में अध्ययन करना गौरव की बात है। कभी हम भी इसी कॉलेज के विद्यार्थी थे।” उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर दृष्टि रखें और खुद को निरंतर तराशें, क्योंकि सोना तपकर ही कुंदन बनता है। डॉ. व्यास ने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक कार्यों में भाग लेने, गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त करने और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी।
सफलता के लिए 100 प्रतिशत ऊर्जा लगाएं: आईपीएस काजल सिंह
कार्यक्रम की सारस्वत अतिथि आईपीएस सुश्री काजल सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से प्रतिभा में निखार आता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भविष्य में जिस भी क्षेत्र का चुनाव करें, वहां अपनी शत-प्रतिशत ऊर्जा लगाएं। कड़ी मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
महाविद्यालय के लिए गर्व का क्षण: प्राचार्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे छात्र सदैव कॉलेज का नाम रोशन करते रहे हैं। यह हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि हमारे पूर्व छात्र डॉ. नारायण व्यास पद्मश्री से सम्मानित होकर आज मुख्य अतिथि के रूप में हमारे बीच हैं। उनकी यह ऊंचाई कॉलेज के विकास की गाथा बयां कर रही है। उन्होंने आईपीएस काजल सिंह को महिला सशक्तिकरण का सशक्त प्रतीक बताया।
दीप योग और पुस्तक विमोचन ने मोहा मन
समारोह के दौरान क्रीड़ा अधिकारी नवीन कोरट के मार्गदर्शन में छात्रा करिश्मा द्वारा ‘दीप योग’ की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही, वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ. उमेश अग्रवाल की पुस्तक का विमोचन भी डॉ. मंसूर खान और डॉ. केशव मणि शर्मा के माध्यम से अतिथियों द्वारा संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. जफर महमूद ने किया तथा आभार क्रीड़ा अधिकारी श्री नवीन कोरट ने माना। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह के साथ विद्यार्थी ऋषभ कोरट, रोहित लश्करी, कु. पायल राठी, कु. नंदिनी दुबे और कु. दर्शना पंवार ने किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थी
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे: भाषण प्रतियोगिता में देव चौहान प्रथम, नितेश नारायण द्वितीय व सान्निध्य भट्ट तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह निबंध में सान्निध्य भट्ट (प्रथम), नितेश नारायण (द्वितीय) व विनीत सोलंकी (तृतीय), शास्त्रार्थ में अजय देवड़ा (प्रथम), पुरुषोत्तम वैरागी (द्वितीय) व नितेश नारायण (तृतीय), और एकल गायन में क्षिप्रा बैरागी (प्रथम), गौतम बैरागी (द्वितीय) व आनन्द खेर (तृतीय) रहे। रांगोली में मयंक परमार ने प्रथम, राजेश आंजना ने द्वितीय व दीपिका खत्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में एकता परमार प्रथम, भव्या चौबे द्वितीय तथा पूजा सिसोदिया तृतीय रहीं। सलाद सज्जा में देव चौहान को प्रथम, राजेश आंजना को द्वितीय व जिग्नेश गुप्ता को तृतीय पुरस्कार मिला। चित्रकला प्रतियोगिता में रित्विक बिजोरिया प्रथम, दिव्या राय द्वितीय और अनिकेत कश्यप तृतीय स्थान पर रहे।
खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 100 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग) में आनन्द खण्डवी ने प्रथम, सुमित यादव ने द्वितीय व निलेश चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया, वहीं 100 मीटर दौड़ (महिला वर्ग) में लता नायमा प्रथम, पायल माली द्वितीय व जयश्री मेहता तृतीय रहीं। चम्मच नींबू रेस (पुरुष वर्ग) में गौरव शर्मा प्रथम, मनोज चौहान द्वितीय व मोहर सिंह तृतीय रहे, जबकि चम्मच नींबू रेस (महिला वर्ग) में अन्तिम बाला ने प्रथम, जयश्री मेहता ने द्वितीय और लता नायमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Related Articles

Back to top button