‘अस्मिता खेलो इंडिया लीग’ के तहत हुई खेल प्रतियोगिताएं
नानाखेड़ा स्टेडियम में दौड़ और रस्साकशी में दिखा उत्साह; विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

उज्जैन। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को नानाखेड़ा स्थित राजमाता विजयराजे सिंधिया बहुउद्देशीय खेल परिसर में महिलाओं और बालिकाओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ‘अस्मिता खेलो इंडिया लीग’ के अंतर्गत यह आयोजन मेरा युवा भारत उज्जैन (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा खेल और युवा कल्याण विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम की शुरुआत में मेरा युवा भारत विदिशा के जिला युवा अधिकारी अभिलाष म्हस्के ने रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रतियोगिता के अंतर्गत महिलाओं व बालिकाओं के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ रस्साकशी का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
विजेताओं को बांटे गए मेडल और शील्ड
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं शील्ड वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनिल निगम, नरेंद्र श्रीवास्तव, सुनीता यादव, शारदा सोनी, सुदर्शन शर्मा, लखन अंजना, संजय राज और बलवीर सिंह पवार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग और खेल विभाग का विशेष सहयोग रहा।



