आचार्य विद्यासागर के प्रकल्पों पर होगी निबंध प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेंगे हथकरघा गिफ्ट वाउचर
डीएवीवी कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई की विशेष उपस्थिति में हुई बैठक, 27 फरवरी को विक्रम विश्वविद्यालय में होगा सम्मान समारोह

उज्जैन। आचार्य विद्यासागर महाराज की समाधि के दो वर्ष पूर्ण होने पर उनकी पावन स्मृति और विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विशेष आयोजन किया जा रहा है। आचार्य विद्यासागर पीठ एवं शोध संस्थान, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय द्वारा ‘वर्तमान परिप्रेक्ष्य में आचार्य विद्यासागर के प्रकल्पों की उपयोगिता’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
धर्म-संस्कृति से जुड़ें युवा
इस संदर्भ में आचार्य विद्यासागर अतिथि भवन में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) इंदौर के कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई विशेष रूप से उपस्थित थे। डॉ. सिंघई ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज में ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम होते रहने चाहिए, जिससे युवा पीढ़ी धर्म और संस्कृति को पहचान सके और अपने जीवन को बेहतर बना सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऐसे आयोजनों में इंदौर विश्वविद्यालय द्वारा भी हर संभव सहायता की जाएगी।
बैठक में कुलगुरु का सम्मान ट्रस्ट के विजेंद्र जैन सुपारी वाले, अध्यक्ष धर्मेंद्र सेठी, सचिव दीपक जैन, सहसचिव सचिन कासलीवाल, विवि समन्वयक शैलेंद्र कुमार भारल, प्रसन्न बिलाला, अनुराग जैन, सुनील जैन ट्रांसपोर्ट, राकेश कुमार जैन, नंदा सुधीर जैन, सुरेश छाबड़ा और शैलेन्द्र जैन सहित कई वरिष्ठ जनों ने किया। साथ ही नारी चेतना मंडल की पुष्प बज, शोभा कासलीवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी स्वागत किया।
27 फरवरी को शलाका दीर्घा में सम्मान समारोह
विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 5100, 3100 एवं 2100 रुपये के हथकरघा गिफ्ट वाउचर प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सभी प्रतिभागियों को भी हथकरघा उत्पाद भेंट किए जाएंगे। सम्मान समारोह 27 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे विक्रम विश्वविद्यालय की शलाका दीर्घा में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु डॉ. अर्पण भारद्वाज करेंगे। इस अवसर पर देश के सुप्रसिद्ध गणितज्ञ डॉ. अनुपम जैन और प्रतिभा स्थली इंदौर की दीदियां विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।



