पाठशाला

आरडीसी 2026: ‘मिनी इंडिया’ का हिस्सा बनकर लौटीं उज्जैन की बेटी रानी तंवर

किसान की बेटी ने बढ़ाया मान, आरडीसी कैंप से लौटीं सीनियर अंडर ऑफिसर रानी तंवर का कॉलेज में हुआ जोरदार स्वागत

गांव की पहली छात्रा जिसने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
उज्जैन। शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय की सीनियर अंडर ऑफिसर रानी तंवर का गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) 2026 से शानदार वापसी पर महाविद्यालय और एनसीसी कैडेट्स द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। 2 म.प्र. बटालियन एनसीसी के अंतर्गत रानी ने दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित कैंप में अपने अनुशासन और कौशल का लोहा मनवाया।
महाविद्यालय के लिए यह दोहरी खुशी का मौका था क्योंकि मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय ने आरडीसी कैंप की समस्त प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश भर में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव थापा ने रानी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और अनुशासन से बटालियन तथा महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। प्राचार्य प्रो. हरीश व्यास ने कहा कि रानी का समर्पण अन्य विद्यार्थियों और कैडेट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
गांव की पहली बेटी जिसने छुआ यह मुकाम
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रमिला बघेल ने बताया कि रानी तंवर उज्जैन जिले की घटिया तहसील के ग्राम रूणजी की रहने वाली हैं। वह अपने गांव की पहली ऐसी प्रतिभावान छात्रा हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर गांव को गौरवान्वित किया है। रानी एक साधारण किसान परिवार से आती हैंय उनके पिता श्री रूपसिंह तंवर कृषक हैं और माता श्रीमती सीमा (लाड़कुंवर) तंवर गृहणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर पूरा परिवार और ग्रामवासी गर्व महसूस कर रहे हैं।
स्वर्ग से कम नहीं था अनुभव
अपने अनुभव साझा करते हुए रानी तंवर ने बताया, आरडीसी कैंप दिल्ली कैंट के गैरीसन परेड ग्राउंड में आयोजित होता है, जो अपने आप में एक श्मिनी इंडिया है। यहाँ भारत के हर राज्य की संस्कृति देखने को मिली। मुझे चीफ ऑफ एयर स्टाफ, नेवल स्टाफ, रक्षा मंत्री, प्रधानमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ-साथ म.प्र. के राज्यपाल व मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिला, जो मेरे लिए स्वर्ग से कम नहीं था।
इन्हें दिया सफलता का श्रेय
रानी ने अपनी सफलता का श्रेय कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव थापा, प्राचार्य प्रो. हरीश व्यास, प्रशासनिक अधिकारी प्रो. आर.के. तिवारी और एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रमिला बघेल के सतत मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बटालियन के सूबेदार मेजर हनुमत सिंह, पीआई स्टाफ और सिविल स्टाफ का भी आभार व्यक्त किया। स्वागत समारोह में प्रो. अलका व्यास, मेजर डॉ. मोहन निमोले, सीनियर अंडर ऑफिसर हर्ष सोनी, अंडर ऑफिसर रघुवीर अटल, सपना कुंभकार सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button