आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने 65 वर्षीय महिला के पेट से निकाली 18 किलो की जटिल गांठ
छह महीनों से बड़ी गांठ को अपने पेट में लेकर चल रही थी महिला

उज्जैन। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने एक अत्यंत जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने 65 वर्षीय वृद्ध महिला के पेट से लगभग 18 किलोग्राम वजनी विशाल ओवेरियन सिस्टेडिनोमा / संभावित ओवेरियन कैंसर जैसी गंभीर गांठ को सफलतापूर्वक निकालने में सफलता पाई।
बताया गया कि महिला पिछले पाँच से छह महीनों से इस बड़ी गांठ को अपने पेट में लेकर चल रही थी, जिससे उसे लगातार शारीरिक परेशानी, कमजोरी और असहजता का सामना करना पड़ रहा था। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि पेट के अंदर अत्यधिक बड़ी और जटिल गांठ मौजूद है, जिसके कारण ऑपरेशन को बेहद जोखिमपूर्ण माना जा रहा था।
आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के अनुभवी डॉक्टरों की टीम ने अपनी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए यह कठिन ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया। इस जटिल सर्जरी को डॉ. विशाल दुबे, डॉ. अनुभव मिश्रा, डॉ. सौरभ प्रजापति एवं डॉ. विकास मारु की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।
ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और वर्तमान में महिला की हालत स्थिर एवं संतोषजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार मरीज तेजी से स्वस्थ हो रही है और किसी प्रकार की जटिलता सामने नहीं आई है।
इस सफल ऑपरेशन से न केवल महिला को नया जीवन मिला है, बल्कि आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा सेवाओं और डॉक्टरों की दक्षता पर भी एक बार फिर भरोसा मजबूत हुआ है।



