इंदौर में 28 से 17वीं नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप, देशभर के 400 से अधिक शरीर साधक दिखाएंगे दम
मध्य प्रदेश शरीर सौष्ठव संस्था उज्जैन कर रही भव्य आयोजन

एमपी की दो टीमें घोषित, उज्जैन के गजेंद्र मेहता बने राज्य दल के प्रबंधक
उज्जैन। इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई के तत्वावधान में राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश मुख्यालय उज्जैन द्वारा 17वीं सीनियर मेंस-विमेंस नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का भव्य और गरिमामय आयोजन इंदौर के बास्केटबॉल एरीना में किया जा रहा है। आगामी 28 और 29 मार्च को आयोजित होने वाले शरीर साधकों के इस वार्षिक कुंभ में देशभर के 400 से अधिक खिलाड़ी संगीत की धुन पर अपनी मांसपेशियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
राज्य इकाई के चेयरमैन प्रेम सिंह यादव एवं पूर्व मिस्टर इंडिया सिविल सर्विसेज जितेंद्र सिंह कुशवाह ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस चैंपियनशिप को लेकर खिलाड़ियों में भारी उत्साह है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज रहेंगे मौजूद
राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके ने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पूर्व वर्ल्ड चैंपियन पद्मश्री प्रेमचंद ढींगरा, अर्जुन अवार्डी टीवी पोली, इंटरनेशनल जनरल सेक्रेटरी चेतन पठारे और राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी रमेश विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मध्य प्रदेश की ‘ए’ और ‘बी’ टीम चयनित
स्पर्धा के लिए मध्य प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर ए और बी टीम बनाई गई है। टीम ए में जेताराम नायक, उदय सिंह चौहान, युवराज वर्मा, राकेश लोधी, सौरभ देवनाथ, राहुल नरवरिया, शोएब मोहम्मद, अक्षय यादव, मुस्ताक मंसूरी, बनवारी गुर्जर, निर्मल कुमार और कमलेश चांगल रहेंगे। वहीं, बी टीम में चयनित खिलाड़ियों में मेघ शाम धुरी, विष्णु कर्वे, विशाल सिंह तोमर, पुष्पेंद्र सिंह, प्रमोद रघुवंशी, आवेश चौधरी, प्रदीप ठाकुर, विवेक रघुवंशी, हाशिम अली, शैलेंद्र शुक्ला और अनमोल तिवारी शामिल हैं। इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता के लिए मध्य प्रदेश दल के प्रबंधक की जिम्मेदारी उज्जैन के गजेंद्र मेहता को सौंपी गई है और स्पर्धा में निर्णायक अतिन तिवारी एवं रोहित जेठवा रहेंगे।



