उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व छात्रों की सराहनीय पहल, जरूरतमंद छात्राओं को दी 66 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
प्राचार्य के आह्वान पर जुटाया गया फंड, अध्यक्ष ने सौंपी सहायता राशि

उज्जैन। उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व छात्रों ने सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एक बेहतरीन मिसाल पेश की है। एल्यूमनी एसोसिएशन की ओर से कॉलेज के छात्रावास में निवास करने वाली प्रथम वर्ष की जरूरतमंद छात्राओं को उनके अध्ययन में सहयोग के लिए 66,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
28 दिसंबर 2025 को उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज की एल्यूमनी एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया था। इस सभा में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश पेंढारकर ने पूर्व छात्रों से जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया था। इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए एसोसिएशन के सदस्यों ने स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्रित की।
एकत्रित की गई यह 66 हजार रुपये की सहयोग राशि एल्यूमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजीनियर कोमल भूतड़ा द्वारा छात्राओं को सौंपी गई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. उमेश पेंढारकर ने सभी पूर्व छात्रों का इस पुनीत कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही, उन्होंने यह अनुरोध भी किया कि भविष्य में भी छात्र-छात्राओं की आवश्यकता के अनुसार पूर्व छात्र इसी तरह अपना सहयोग और मार्गदर्शन देते रहेंगे।



