उज्जैन की प्रतिभा: डॉ. जुबैर अहमद का एमडी मेडिसिन के लिए चयन, माधव कॉलेज में हुआ सम्मान
नीट पीजी में देशभर में 5209वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया मान; विदिशा मेडिकल कॉलेज में लेंगे प्रवेश

उज्जैन। शहर के युवा चिकित्सक डॉ. जुबैर अहमद ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नीट पीजी परीक्षा में सामान्य श्रेणी के अंतर्गत अखिल भारतीय स्तर पर 5209वीं रैंक हासिल करने पर उनका चयन एमडी (मेडिसिन) के लिए हुआ है। डॉ. जुबैर ने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, विदिशा में प्रवेश सुनिश्चित किया है।
इस उपलब्धि पर माधव महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है। महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. कल्पना सिंह ने डॉ. जुबैर का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ढाई लाख छात्रों के बीच बनाई जगह
डॉ. जुबैर ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई जबलपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस चिकित्सा महाविद्यालय से पूरी की है। हाल ही में संपन्न नीट पीजी परीक्षा में देशभर से करीब ढाई लाख एमबीबीएस उत्तीर्ण विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिसमें डॉ. जुबैर ने अपनी मेधा का परिचय देते हुए यह सफलता प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि डॉ. जुबैर माधव महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रफीक नागौरी के पुत्र हैं। इस मौके पर संभागीय महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. केशव मणि शर्मा ने कहा कि पुत्र की इस उपलब्धि पर डॉ. नागौरी भी बधाई के पात्र हैं। महाविद्यालय के स्टॉफ सदस्य प्रो. जफर महमूद, डॉ. अल्पना दुभाषे, डॉ. बी.एस. अखंड, डॉ. अंशु भारद्वाज और डॉ. धर्मेंद्र तिवारी ने डॉ. जुबैर को बधाई देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।



