खेल

उज्जैन की बेटी हर्षिता रॉय ने जीता गोल्ड, पंजाब को हराकर बनीं चैंपियन

अखिल भारतीय विवि बास्केटबॉल स्पर्धा में किया उज्जैन का नाम रोशन

उज्जैन। मुख्यमंत्री के गृहनगर उज्जैन की प्रतिभावान बास्केटबॉल खिलाड़ी हर्षिता रॉय (मोना) ने राष्ट्रीय स्तर पर शहर का मान बढ़ाया है। बेंगलुरु में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीन बास्केटबॉल स्पर्धा में हर्षिता ने स्वर्ण पदक हासिल किया है।
बास्केटबॉल प्रशिक्षक दर्शन ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह उज्जैन के बास्केटबॉल इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है। हर्षिता ने स्पर्धा में उज्जैन विश्वविद्यालय की महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में उनकी टीम ने कड़े संघर्ष के बाद पंजाब विश्वविद्यालय की सशक्त टीम को पराजित कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
कालिदास कॉलेज ग्राउंड से राष्ट्रीय पटल तक
हर्षिता शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय के बास्केटबॉल ग्राउंड पर नियमित अभ्यास करती हैं। इससे पूर्व भी वे अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए 25 हजार रुपये की नकद राशि पुरस्कार स्वरूप प्राप्त कर चुकी हैं। उन्होंने राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) स्थित खेलो इंडिया के प्रशिक्षण कैंप में अंतरराष्ट्रीय कोच राजेश्वर राव से भी बारीकियां सीखी हैं। इसके अलावा इंदौर में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व प्रदेश अध्यक्ष कुलविंदर सिंह गिल, सचिव अविनाश आनंद, चयन समिति की रितु शर्मा, सुकांत गर्ग, कुलदीप हार्डिया और वीरेंद्र जोशी के मार्गदर्शन ने उनके खेल को निखारने में अहम भूमिका निभाई।
हर्षिता की इस स्वर्णिम सफलता पर शा. कालिदास कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता, डॉ. महेंद्र जैन, डॉ. वीरेंद्र चाँवरे, विजय बाली, सुनीता यादव, ओम सारवान, राजा कसेरा, डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, रिया करड़वाल, शेखर सुपेकर, अंकिता गोंदिया, मुस्कान शर्मा, भूपेंद्र शुक्ला, जुबेर खान व पायल जायसवाल सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button