उज्जैन के कमलेश चांगल ने जीती ‘मिस्टर उज्जैन डिविजन अध्यक्ष ट्रॉफी’
नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर और देवास के 85 से अधिक शरीर साधकों ने दिखाया दम

उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व पर मेला परिसर में आयोजित संभाग स्तरीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में उज्जैन के कमलेश चांगल ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। नगर पालिका परिषद नागदा द्वारा आयोजित इस स्पर्धा में कमलेश ने ‘मिस्टर उज्जैन डिविजन अध्यक्ष ट्रॉफी’ और 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया।
राज्य शरीर सौष्ठव संस्था (मप्र) और डिविजनल बॉडीबिल्डिंग संगठन उज्जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस ‘अध्यक्ष ट्रॉफी’ 1 लाख 11 हज़ार कैश प्राइज संभाग स्तरीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में संभाग भर के पहलवानों ने हिस्सा लिया। मध्य रात्रि तक चले मुकाबलों में नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर और देवास के 85 से अधिक शरीर साधकों ने संगीत की धुन पर मांसपेशियों का आकर्षक प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।
मिस्टर उज्जैन डिविजन बने कमलेश चांगल (उज्जैन) ने बाइसेप्स, ट्राइसेप्स, चेस्ट और एब्डोमिनल थाई मसल्स का बेहतरीन प्रदर्शन किया। बेस्ट पोजर रहे मोहसिन (नीमच) – राष्ट्रभक्ति धुन पर शानदार प्रदर्शन के लिए 10 हजार रुपये नकद और खिताब अपने नाम किया। बेस्ट इंप्रूव्ड बॉडी रोहित केवट (शाजापुर), मोस्ट मस्कुलर मैन शोएब (उज्जैन) रहे।
स्पर्धा का शुभारंभ नपा अध्यक्ष संतोष ओमप्रकाश गहलोत, मेला समिति अध्यक्ष बबीता रघुवंशी, उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शर्मा, राज्य इकाई अध्यक्ष प्रेम सिंह यादव और पूर्व मिस्टर इंडिया (सिविल सर्विसेज) जितेंद्र सिंह कुशवाह ने किया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि नागदा-खाचरोद विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चैहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, पूर्व विधायक जितेंद्र थावरचंद गहलोत, मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन और भाजपा नेता ओमप्रकाश गहलोत थे। इस अवसर पर मुगदल घुमाने में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले पूर्व बॉडीबिल्डर संजय सुलानिया का विशिष्ट खेल अभिनंदन भी किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र व्यास ‘स्वामी मुस्कुराके’ ने किया। निर्णायक मंडल में अर्जुन पंडित, इंजीनियर गजेंद्र मेहता, विकास शर्मा (पूर्व मिस्टर वेस्टर्न इंडिया), मकबूल वारसी, शैलेंद्र सिसोदिया और रेहान शेख शामिल थे। मार्शल की भूमिका जीशान खान, प्रेम सिंह ठाकुर और शाहबाज खान ने निभाई, जबकि तकनीकी सहयोग महबूब खान और आकाश परिहार ने दिया। अंत में आभार कौशल धौलपुरे ने माना।



