खेल
उज्जैन के माखन सिंह की कप्तानी में मध्य प्रदेश बना चैंपियन, रोमांचक फाइनल में जम्मू-कश्मीर को हराया
पटना में आयोजित दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी-2026 में 44 गेंदों में 116 रन की साझेदारी ने पलटा मैच

उज्जैन। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी-2026 में मध्य प्रदेश की टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उज्जैन के माखन सिंह राजपूत की कुशल कप्तानी में मध्य प्रदेश ने फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर को 2 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
ऊर्जा स्टेडियम पटना में डे-नाइट प्रारूप में खेले गए फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 201 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने दबाव के बावजूद संयम नहीं खोया।
44 गेंदों में पलट दिया मैच
मैच का निर्णायक मोड़ तब आया जब मध्य प्रदेश के बल्लेबाज संजय साकेत और लकी कडारिया ने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात कर दी। दोनों ने मात्र 44 गेंदों में 116 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर हारी हुई बाजी को जीत में बदल दिया। लकी ने 20 गेंदों पर 67 रन और संजय ने 25 गेंदों पर 48 रन बनाए। टीम ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
खिलाड़ियों पर बरसे पुरस्कार
130 रन और 9 विकेट लेने वाले अंकित सिंह बघेल को मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच (फाइनल) लकी कडारिया, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर वेदांत गुप्ता तथा सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार संजय साकेत ने प्राप्त किया।
टीम के कोच अंकित रॉकी शर्मा और कप्तान माखन सिंह राजपूत ने इसे सामूहिक प्रयास की जीत बताया। उज्जैन के कप्तान की इस उपलब्धि पर शहर के खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है।



