उज्जैन कोर्ट परिसर में पेशी पर आई पत्नी को पति, सास और ननद ने पीटा
भरण-पोषण के केस की तारीख से लौटते वक्त सुलभ शौचालय के पास हुई मारपीट; माधव नगर थाने में पति आशुतोष अकेला, सास संगीता और ननद सोनिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज

उज्जैन। न्यायालय परिसर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भरण-पोषण (मेंटेनेंस) केस की पेशी पर आई शिवानी अकेला के साथ उनके ही पति, सास और ननद ने गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने अपनी मां के साथ माधव नगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोर्ट से निकलते ही किया हमला
माधव नगर थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, शिवानी अकेला का अपने पति आशुतोष अकेला के साथ उज्जैन न्यायालय में मेंटेनेंस का केस चल रहा है। शुक्रवार, 20 फरवरी 2026 को वह इसी मामले में तारीख पर कोर्ट गई थी। दोपहर करीब 1ः30 बजे जब वह पेशी के बाद वापस बाहर आ रही थी, तभी कोर्ट परिसर में सुलभ शौचालय के पास उसकी सास संगीता अकेला पति सुरेश जय शर्मा, पति आशुतोष और ननद सोनिया मालवीय (सभी निवासी- वृंदावन धाम कॉलोनी, नानाखेड़ा) पीछे से आ गए। आरोप है कि तीनों ने उसे अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया।
दीवार से भिड़ाया और बाल खींचे
पुलिस शिकायत में शिवानी ने बताया कि जब उसने गालियां देने का विरोध किया, तो सास संगीता ने उसे धक्का देकर दीवार से भिड़ा दिया और थप्पड़-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद पति आशुतोष ने भी थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और ननद सोनिया ने बाल खींचे। इस अचानक हुए हमले में शिवानी की बायीं कलाई, गले और सिर में चोटें आई हैं। इस पूरी घटना को कोर्ट परिसर में मौजूद अन्य लोगों ने भी देखा।
मां को बुलाकर पहुंची थाने
मारपीट के बाद शिवानी किसी तरह वहां से भागकर बाहर आई और अपनी मां लता परमार को फोन कर मौके पर बुलाया। इसके बाद दोनों माधव नगर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शुक्रवार रात 8ः43 बजे पति आशुतोष, सास संगीता और ननद सोनिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115(2), 296(इ), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



