सेहतनामा
उज्जैन जिले में निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान जारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो संदेश जारी कर अभियान की प्रशंसा की एवं लाभ लेने का किया आव्हान

उज्जैन। पूर्णिमाश्री सेवा संगठन द्वारा जिला प्रशासन के विशेष सहयोग से आयोजित किया जा रहा निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान निरंतर जारी है। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो संदेश जारी कर इस अभियान की प्रशंसा की एवं उज्जैन जिले के नागरिकों से शिविरों का लाभ लेने की अपील कर जिले को हार्ट सेफ डिस्ट्रिक्ट बनाने का संकल्प दोहराया।
अभियान के मुख्य संयोजक एवं पूर्व भाजपा जिला महामंत्री सत्यनारायण खोईवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा से प्रारंभ किया गया उपरोक्त अभियान निरंतर जारी है। अभियान में जनता जनार्दन का अभूतपूर्व सहयोग मिल रहा है। जो उज्जैन को हार्ट सेफ डिस्ट्रिक्ट बनाने के संकल्प को मजबूत कर रहा है, इसी कड़ी में 10 फरवरी तक आयोजित शिविरों की समीक्षा उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक वीडियो संदेश जारी कर संपूर्ण आयोजन और अभियान की प्रशंसा करते हुए उज्जैन जिले के नागरिकों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है एवं उज्जैन को हार्ट सेफ डिस्ट्रिक्ट बनाने का संकल्प दोहराया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो संदेश में कहा कि स्वास्थ्य रहेगा तो जीवन रहेगा। इसलिए उज्जैन जिले का प्रत्येक नागरिक इन शिविरों के माध्यम से अपने हृदय की जांच कराये।
अब तराना में भी शिविरों की श्रृंखला……
खोईवाल ने आगे बताया कि बुधवार को वार्ड क्रमांक 5 स्थित इंदिरा नगर के मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक एवं वार्ड 41 स्थित पांड्याखेड़ी में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में एसएन कृष्णा हॉस्पिटल एवं सीएचएल हॉस्पिटल इंदौर के सहयोग से शिविर आयोजित किये गये। जिसमें क्षेत्र की जनता में उत्साहपूर्वक सहभागीता की। बुधवार को आयोजित शिविरों में महापौर मुकेश टटवाल, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, पार्षद एवं झोन अध्यक्ष पुरषोत्तम मालवीय, पार्षद दिलीपसिंह परमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रमसिंह परिहार, भाजपा नेता ऋषि वर्मा, पूर्व पार्षद बुध्दसिंह सेंगर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। इसी क्रम में गुरूवार को उज्जैन शहर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित ग्यास का वाड़ा में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर शिविर आयोजित किया जाएगा एवं शनिवार को तराना विधानसभा के ग्राम जवासियाकुमार में शिविर आयोजित होगा साथ ही उज्जैन शहर के कोट मोहल्ला एवं वृंदावनपुरा के मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में भी शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
लाभ लेने की अपील….
जिलाधीश रोशनकुमार सिंह, सीएमएचओ अशोक कुमार पटेल, पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के अध्यक्ष विक्रमसिंह गोंदिया, धर्मेन्द्रसिंह भदौरिया, उज्जैन नगर अभियान संयोजक दीपक अग्रवाल, प्रकाश गोमे, कन्हैयालाल चौहान, विजय द्विवेदी, बाबूलाल पंवार, कांतीलाल परमार, सोनू भाटिया, जितेंद्र परमार, अजय मकवाना, राजेश अहिरवार, महेंद्र गोमे, दिलीप गांगोलिया, जितेंद्र चौधरी, राजेश चौधरी, कमल चौधरी, अशोक माली, विकास मालवीय, धर्मेन्द्र सोलंकी सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों ने शिविर में पधारकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील शहरवासियों से की है।



