उज्जैन: धूमधाम से मनाया गया चेटीचंड महोत्सव, कायस्थ समाज ने किया सिंधी पंचायत अध्यक्ष का सम्मान
इन्दिरा नगर सिंधी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, भव्य शोभायात्रा और भंडारे का हुआ आयोजन

उज्जैन। स्थानीय इन्दिरा नगर स्थित सिन्धिु धाम श्री झूलेलाल मंदिर में भगवान श्री झूलेलाल का जन्मोत्सव ‘चेटीचंड महापर्व’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सिंधी समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
अध्यक्ष का हुआ आत्मीय स्वागत
पर्व के दौरान उज्जैन उत्तर विधानसभा के कायस्थ समाज अध्यक्ष मंगेश श्रीवास्तव ने इन्दिरा नगर सिंधी पंचायत के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र जेठवानी (जीतू भैया) का शाल, श्रीफल, मोतियों की माला और केसरिया दुपट्टा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया। प्रत्युत्तर में डॉ. जेठवानी ने भी मंगेश श्रीवास्तव का केसरिया दुपट्टा पहनाकर स्वागत व वंदन किया।
दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठान
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भगवान झूलेलाल के अभिषेक, ध्वजारोहण और आरती के साथ हुई, जिसके पश्चात केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। दोपहर में वरुणदेव की ज्योति प्रज्वलित की गई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों और वरिष्ठ जनों का सम्मान भी किया गया।
भव्य शोभायात्रा और भंडारा
दोपहर में सिन्धु धाम से विशाल चल समारोह (शोभायात्रा) निकाला गया, जो इन्दिरा नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचा। इसके पश्चात ज्योति विसर्जन और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।
प्रमुख जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में सिंधी पंचायत के वरिष्ठ जनों और मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस दौरान नारायण कोटवानी, अशोक जेठवानी, सुरेश तेजवानी, देवी नाथानी, देवीलाल देवनानी, कमल तेजवानी, मितेश जेठवानी, हार्दिक येसवानी, नरेश ननजानी, जीतू भाटिया, प्रियांश श्रीवास्तव और शिव श्रीवास्तव सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



