उज्जैन में 22 मार्च को होगा सिन्धु दर्शन यात्रा के पूर्व एवं भावी यात्रियों का सम्मेलन
प्रथम सिंधु कुंभ: लेह-लद्दाख के पूर्व सांसद नामग्याल की मौजूदगी में उज्जैन में जुटेंगे सिंधु दर्शन यात्री

30वें सिंधु दर्शन उत्सव के उपलक्ष्य में जून में होगा भव्य आयोजन; मध्य प्रदेश से भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा जोर
उज्जैन। लेह-लद्दाख स्थित सिंधु नदी के तट पर प्रतिवर्ष होने वाले सिंधु दर्शन उत्सव के 30वें वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार प्रथम ‘सिंधु कुंभ’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें मध्य प्रदेश से अधिक से अधिक यात्रियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 22 मार्च को उज्जैन में सिंधु दर्शन के पूर्व एवं भावी यात्रियों का एक महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
सिंधु दर्शन यात्रा समिति मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित इस पूर्व यात्री सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में लेह-लद्दाख के पूर्व सांसद जमयांग सेरिंग नामग्याल शामिल होंगे। इनके साथ ही हिमालय परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह गिल और सिंधु दर्शन यात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरलीधर माखीजा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
सिंधु दर्शन यात्रा समिति महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष उषा ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि हर साल जून माह में लेह-लद्दाख में सिंधु उत्सव और सिंधु दर्शन यात्रा का आयोजन होता है। इस बार जून में होने वाले प्रथम सिंधु कुंभ में शामिल होने के इच्छुक भावी यात्री भी आज के इस सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे।
समिति ने सभी पूर्व और भावी यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आज के इस सम्मेलन को सफल बनाएं और आगामी प्रथम सिंधु कुंभ में शामिल होकर इस अद्भुत एवं अलौकिक आयोजन के साक्षी बनें।



