समाज संसार

उज्जैन में पहली बार लगा झूलेलाल मेला, दुनिया की सबसे भव्य प्रतिमा के समक्ष मना चेटीचंड महापर्व

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित प्रतिमा स्थल पर हुई महाआरती, मुंबई-पुणे के फूलों से सजा उद्यान और लगा सिंधी व्यंजनों का मेला

उज्जैन। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव चेटीचंड महापर्व 20 मार्च को उज्जैन में पहली बार झूलेलाल मेले का आयोजन हुआ। संतराम सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल उद्यान में विश्व की सबसे भव्य और विशाल भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के समक्ष विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। उल्लेखनीय है कि इस विशाल प्रतिमा का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम संयोजक महेश सीतलानी ने बताया कि महापर्व को लेकर उद्यान में व्यापक तैयारियां की गईं। भगवान की प्रतिमा और संपूर्ण उद्यान को मुंबई और पुणे से मंगाए गए विशेष फूलों से सजाया गया। इसके साथ ही आकर्षक विद्युत सज्जा और युवाओं के लिए शानदार सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए। पर्व के उपलक्ष्य में एक विशाल सिंधी मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और पारंपरिक सिंधी व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए।
महाआरती, आतिशबाजी और महाप्रसादी
आयोजन की शुरुआत भगवान झूलेलाल की भव्य महाआरती के साथ हुई। आरती के पश्चात आसमान में रंगारंग आतिशबाजी की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन और प्रसादी की व्यवस्था की गई।
इस भव्य आयोजन में समाज के वरिष्ठ रूप पमनानी, मुकेश जेठवानी, दीपक वाधवानी, दयाल वाधवानी, धर्मेंद्र लालवानी, नरेश सीतलानी और राजकुमार परसवानी सहित समाज के कई अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button