उज्जैन में स्मार्ट सिटी के कार्यों में लापरवाही पर भड़की युवक कांग्रेस, ’चक्काजाम’ की दी चेतावनी
बहादुरगंज चौराहे पर खुदे जानलेवा गड्ढों को लेकर प्रशासन को अल्टीमेटम, कहा- नई कंपनी कर रही है लीपापोती

उज्जैन। शहर में पिछले 8 वर्षों से चल रहे टाटा प्रोजेक्ट और स्मार्ट सिटी के कार्यों की कछुआ चाल और लापरवाही अब आम जनता के लिए आक्रोश का विषय बन गई है। शुक्रवार को युवक कांग्रेस ने बहादुरगंज चौराहे पर अस्त-व्यस्त निर्माण कार्यों और खुले पड़े गड्ढों को लेकर गहरा विरोध जताया और प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्पित यादव ने कहा कि उज्जैन में टाटा प्रोजेक्ट्स का कार्य विगत 8 वर्षों से चल रहा है, लेकिन अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान निर्माण कार्य के चलते हुए हादसों में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि टाटा प्रोजेक्ट्स का काम 3 साल के लिए बैन हो चुका है, लेकिन इसके बाद जिस नई कंपनी को ठेका दिया गया है, वह भी केवल ’लीपापोती’ का काम कर रही है।
बहादुरगंज में जानलेवा बने गड्ढे
अर्पित यादव ने बहादुरगंज चौराहे की स्थिति बताते हुए कहा कि, यहां सड़क के बीचों-बीच बड़े गड्ढे खुदे हुए हैं और मलबा फैला हुआ है। यहां यातायात का भारी दबाव रहता है, इसके बावजूद ठेकेदार कंपनी ने न तो गड्ढों को भरा है और न ही सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेडिंग (घेराबंदी) की है। यह घोर लापरवाही कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
प्रशासन को अल्टीमेटमः सुधरें हालात या होगा चक्काजाम
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्पित यादव ने स्पष्ट किया कि वे पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के जिम्मेदारों से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कार्य की गति नहीं बढ़ाई गई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में युवक कांग्रेस के साथी सड़कों पर उतरकर ’चक्काजाम’ करेंगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।



