गपशप

उज्जैन में 22 को ‘राष्ट्रचिंतन’ का महाकुंभ: 25 हजार श्रोताओं के बीच गूंजेंगे पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ के ओजस्वी विचार

युवाओं में सनातन चेतना जगाने आ रहे प्रखर वक्ता; 'वर्तमान स्थिति में सनातन की भूमिका' पर होगा गहन मंथन

उज्जैन। पाश्चात्य संस्कृति की ओर तेजी से आकर्षित हो रही युवा पीढ़ी में सनातन धर्म और भारतीय मूल्यों के प्रति जन-जागरण के लिए शहर में एक वृहद वैचारिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हरि आध्यात्मिक सनातन सेवा संस्थान और सकल हिन्दू समाज के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 22 फरवरी (रविवार) को ‘राष्ट्रचिंतन’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आगर रोड स्थित सामाजिक न्याय परिसर में शाम 7 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में देश के प्रखर राष्ट्रवादी और ओजस्वी वक्ता पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ ‘वर्तमान स्थिति में सनातन की भूमिका’ विषय पर अपना मुख्य वक्तव्य देंगे।
25 हजार श्रोताओं के जुटने का अनुमान
आयोजन के संयोजक हरिसिंह यादव ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ को आज पूरा देश उनके बेबाक और प्रखर विचारों के लिए जानता है। उनके द्वारा बोला गया एक-एक शब्द सीधे श्रोताओं के हृदय में उतरता है। यही कारण है कि इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह है और करीब 25 हजार श्रोताओं के इस कार्यक्रम में पहुंचने की प्रबल संभावना है। कार्यक्रम में विक्रम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. बालकृष्ण शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
युवाओं और समाज में होगा नई ऊर्जा का संचार
हरि आध्यात्मिक सनातन सेवा संस्थान वर्ष भर शहर में कई धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। इसी कड़ी में समाज में राष्ट्रप्रेम व सनातन के प्रति नई ऊर्जा पैदा करने के लिए यह ‘राष्ट्रचिंतन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक हरिसिंह यादव ने आयोजन के संरक्षक व वरिष्ठ समाजसेवी नारायण यादव, संस्था के अध्यक्ष राजेश गर्ग, सचिव अक्षता यादव और हरि आध्यात्मिक सनातन सेवा संस्थान के सभी सदस्यों की ओर से शहर के सभी निवासियों से इस महत्वपूर्ण वैचारिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया है।

Related Articles

Back to top button