समाज संसार

उज्जैन में 8 दिवसीय चेटीचंड महोत्सव का शंखनाद: फोल्डर का हुआ विमोचन अंतरराष्ट्रीय सूफी गायक जतिन उदासी बिखेरेंगे सुरों का जादू

सिन्धु जागृत समाज द्वारा 15 से 22 मार्च तक आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के फोल्डर का हुआ विमोचन

उज्जैन। सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान झूलेलाल के प्राकट्य उत्सव ‘चेटीचंड’ के उपलक्ष्य में इस वर्ष 15 से 22 मार्च तक आठ दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव को लेकर सिन्धु जागृत समाज द्वारा कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा वाले फोल्डर का विधिवत विमोचन किया गया। इस आठ दिवसीय आयोजन में शहर भर में कई धार्मिक, सामाजिक और मनोरंजक कार्यक्रम होंगे, जिसका सबसे बड़ा आकर्षण अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सूफी गायक जतिन उदासी की विशेष लाइव प्रस्तुति होगी।
मीडिया प्रभारी दीपक राजवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि सिन्धु जागृत समाज के अध्यक्ष प्रताप रोहरा और मुख्य संयोजक महेश परियानी के नेतृत्व में आयोजित इस फोल्डर विमोचन कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सचिव रमेश गंगवानी, कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, सह-संयोजक गोपाल बलवानी, रमेश गजरानी और दीपक बेलानी के विशेष मार्गदर्शन में सैकड़ों पदाधिकारियों व सदस्यों की मौजूदगी में 15 से 22 मार्च तक चलने वाले इन सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
महोत्सव के तहत 15 मार्च, रविवार से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रमों का उल्लास शुरू हो जाएगा। इसके अंतर्गत भारतीय सिंधु सभा महिला शाखा द्वारा ड्राइंग और सिंधी फूड प्रतियोगिता, पूज्य सिंधी भाई बंध पंचायत द्वारा होली मिलन एवं बहराणा साहिब का आयोजन होगा। वहीं, पूज्य सिंधी साहिती पंचायत एवं राष्ट्रीय सिंधी मंच द्वारा प्रसिद्ध गायक मोहित लालवानी की भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात 19 से 21 मार्च के बीच माधव नगर सिंधी समाज, पूज्य सख्खर पंचायत, श्री वरुण देव अखंड ज्योति मंदिर (गीता कॉलोनी), इंदिरा नगर सिंधी पंचायत, संतराम सिंधी कॉलोनी पंचायत और पूज्य जेकम आबाद पंचायत द्वारा शहर के अलग-अलग स्थानों पर बहराणा साहिब, ध्वजारोहण, भजन संध्या, समाजसेवियों का सम्मान और महाप्रसादी के भव्य आयोजन किए जाएंगे।
इस आठ दिवसीय चेटीचंड महोत्सव का मुख्य और समापन समारोह 22 मार्च, रविवार को एक अत्यंत भव्य सांस्कृतिक संध्या के रूप में होगा। जंतर-मंतर चिंतामण रोड स्थित ‘होटल अथर्व’ में शाम 6:30 बजे से अपनी सूफी गायकी के लिए दुनियाभर में पहचान बना चुके बहुमुखी सिंधी कलाकार जतिन उदासी अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। महाकाल की नगरी में होने वाली यह संगीतमय शाम समाज के सभी वर्गों के लिए उल्लास और अपनी संस्कृति से जुड़ने का एक अनूठा अवसर होगी।

Related Articles

Back to top button