उज्जैन: शांति और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील, विवादों से दूर रहने की सलाह
भाजपा नेता सुरेंद्र सांखला ने युवाओं से किया आग्रह, कहा- शहर की सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखें

उज्जैन: शहर में होली और रंग पंचमी के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई है। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सांखला ने सभी निवासियों और उत्सव में शामिल होने वाले लोगों से आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया है।
सांखला ने बताया कि उज्जैन में होली का त्योहार पूरे एक महीने तक मनाया जाता है। इस दौरान होलिका दहन, धुलंडी, रंग पंचमी, सप्तमी और विभिन्न स्थानों से निकलने वाले धार्मिक व आध्यात्मिक ‘गैर’ समारोह शामिल होते हैं, जो भाईचारे के प्रतीक हैं। शहर में प्रमुख रूप से महाकाल प्रांगण, काल भैरव मंदिर और सिद्धनाथ मंदिर में होलिका दहन किया जाता है। इसके अलावा अलग-अलग मंदिरों, समाजों और क्षेत्रों से भी पारंपरिक गैर निकाली जाती हैं।
युवाओं को विशेष संदेश देते हुए सांखला ने अपील की है कि वे होली की मस्ती का पूरा आनंद लें, लेकिन किसी भी तरह के अनावश्यक विवाद से बचें। उन्होंने युवाओं से शहर की शांति भंग करने के बजाय आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने और उज्जैन की सांस्कृतिक विरासत व एकता को बनाए रखने का आह्वान किया है।


