राजनीति
कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: राज्य सरकार के तीन मंत्रियों का फूंका पुतला, इस्तीफे की मांग
नेता प्रतिपक्ष पर अमर्यादित टिप्पणी, दूषित जलप्रदाय और सेना के अपमान का आरोप; महाराजवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस ने गोपाल मंदिर चौराहे पर किया विरोध

उज्जैन। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर उज्जैन में सत्ता पक्ष के खिलाफ विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत ‘महाराजवाड़ा कार्तिक चौक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी’ ने स्थानीय गोपाल मंदिर चौराहे पर राज्य सरकार के तीन मंत्रियों का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह और राजेंद्र शुक्ल पर जनविरोधी होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की कड़ी मांग की है।
महाराजवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. संचित शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार के मंत्रियों द्वारा लगातार जनहित के मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। इसके अतिरिक्त, दूषित जलप्रदाय, कफ सिरप मामले और सेना के अपमान जैसे अति-गंभीर विषयों पर भी मंत्रियों की घोर लापरवाही प्रतीत हो रही है। डॉ. शर्मा ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी लापरवाहियों के बावजूद राज्य सरकार द्वारा इन मंत्रियों को संरक्षण देना बेहद निंदनीय है।
इन जनविरोधी नीतियों और लापरवाही के खिलाफ शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में यह पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस जनों ने सरकार और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल इस्तीफे की मांग रखी।
इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के साथ नगर निगम नेता प्रतिपक्ष रवि राय, पार्षद अर्पित दुबे, पार्षद छोटेलाल मंडलोई, अशोक सारवान, मुजीब सुपारी वाले, प्रतीक जैन, वसीम मोहम्मद, चंदू यादव, फिरोज भारती, समद भाई, दीपेश जैन, फूलचंद जरिया, चेतन माली, हर्ष जैन, कृष्णा यादव और हर्षवर्धन यादव सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए। वहीं, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों और पदाधिकारियों में चंद्रभान सिंह चंदेल, बबलू खींची, रहीम लाला, अभिषेक शर्मा, अजय राठौर, ऋतुराज सिंह चौहान, माजिद लाला, गजेंद्र मारोठिया, शंकर परमार, श्याम जटिया, अर्पण राठौर, दानिश राठी, हर्ष पुरोहित, हिमांशु शुक्ल, राहुल लोट, सोमेश जोशी, राजा ठाकुर और सन्नी कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।



