खेलो इंडिया अस्मिता राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग: उज्जैन की 5 होनहार बेटियां चेन्नई रवाना
एक ही संस्था की पांच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन शहर के लिए गौरव, क्षीरसागर में करती हैं नियमित अभ्यास

उज्जैन। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय और वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में चेन्नई में आयोजित ‘खेलो इंडिया अस्मिता राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता’ के लिए उज्जैन की पांच बेटियां रवाना हो गई हैं। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 से 29 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है।
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन
खिलाड़ियों की कोच रजनी नरवरिया ने बताया कि दिव्यशक्ति पारंपरिक लोक कला संस्थान और मार्शल आर्ट एंड व्यायाम एसोसिएशन ऑफ उज्जैन की पांच खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय स्पर्धा में जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ियों में प्रियांशी नरवरिया, छवि दीक्षित, माधुरी व्यास, खुशबू पवार और आरोही मंडलोई शामिल हैं। एक ही संस्था से पांच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करना उज्जैन के लिए गौरव का विषय है। ये सभी खिलाड़ी प्रतिदिन क्षीरसागर स्थित बाल उद्यान में नियमित अभ्यास करती हैं।
टीम के साथ गए पदाधिकारी व रेफरी
खिलाड़ियों के साथ उज्जैन से नेशनल रेफरी मीनाक्षी चौहान भी चेन्नई के लिए रवाना हुई हैं। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश किकबॉक्सिंग टीम का नेतृत्व एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के महासचिव आशुतोष दाधीच कर रहे हैं। साथ ही इंदौर के दिनेश मटके और विजय बरेठिया भी टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ चेन्नई गए हैं।
संस्था के सभी पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



