पाठशाला
खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करना गौरव की बात, यही खिलाड़ी रोशन करेंगे देश का नाम: मुकेश जायसवाल
सर सैयद अहमद वेलफेयर सोसाइटी ने किया 17 होनहार खिलाड़ियों का सम्मान; शिक्षा और खेल में संतुलन बनाने की दी सलाह।

उज्जैन। खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले तो वे शहर और देश का नाम रोशन करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। इसी उद्देश्य के साथ सर सैयद अहमद वेलफेयर सोसाइटी द्वारा अगर नाका स्थित टाइगर अकादमी में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए समाजसेवी मुकेश जायसवाल ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित करना हमारे लिए गौरव का विषय है। यही बच्चे आगे चलकर खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
एकाग्रता और गुरु का सम्मान जरूरी
समारोह में मुख्य अतिथि उम्मीद पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मुश्ताक हुसैन ने सोसाइटी के इस प्रयास को सराहनीय बताया। विशेष अतिथि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम समिति के अध्यक्ष एडवोकेट समीर खान ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस तरह अर्जुन की नजर केवल चिड़िया की आँख पर थी, उसी तरह आपको भी अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहना होगा।
सर्वधर्म कौमी एकता के अध्यक्ष हाजी फहीम सिकंदर ने खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी समान रूप से ध्यान देने की सलाह दी। वहीं, प्रेम सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष समीर उल हक ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए गुरु का सम्मान सर्वोपरि है, जैसा एकलव्य ने द्रोणाचार्य के प्रति दिखाया था। संस्था लक्ष्य के उपाध्यक्ष इरफान राइन ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इन 17 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इनमें सुश्री खुशी भाटी, सैयद जमीर अब्बास, रवि यादव, ममता गोलवी, नियति गुप्ता, प्रज्ञा चौहान, वंशिका मीणा, दीपशिखा अंजना, शिवम बैरागी, विद्यांश पांडे, प्रियांश मीना, हर्षित उपाध्याय, कबीर अब्बास, शाकिब मेव, सानिया बैग, आयुष नागवंशी और अर्पित राठौड़ शामिल हैं।
खिलाड़ियों को आई.क्यू. इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर इंजीनियर सद्दाम हुसैन, नागोरी हॉस्पिटल के असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. सऊद नागोरी, संस्था अध्यक्ष पंकज जायसवाल, सैयद रिजवान और रईसुल हसन जागीरदार ने पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत सोहेल खान ने किया। संचालन इकबाल उस्मानी ने किया और अंत में आभार संजय जोगी ने माना। यह जानकारी प्रचार सचिव चेतन ठक्कर और प्रवक्ता सैयद आशिक अली ने दी।



