गाड़ी अड्डा से मक्सी रोडः 80 फीट सड़क की जरूरत नहीं, गरीबों के मकान तोड़ने की बजाय हीरा मिल की जमीन का हो उपयोगः रवि राय
कहा- न तो यह सिंहस्थ क्षेत्र है और न ही मुख्य मार्ग, 50 फीट सड़क ही पर्याप्त

उज्जैन। गाड़ी अड्डा से लेकर मक्सी रोड बायपास तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। नगर निगम द्वारा वर्तमान 20 फीट की सड़क को 80 फीट (24 मीटर) चौड़ा करने की कवायद पर नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घनी बस्ती के बीच 80 फीट रोड की कोई आवश्यकता नहीं है, इससे सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे।
रवि राय ने प्रशासन को सुझाव दिया कि यदि सड़क चौड़ी करनी ही है, तो गरीबों के आशियाने तोड़ने की बजाय पास ही स्थित हीरा मिल की शासकीय भूमि का उपयोग किया जाए। यदि 50 फीट तक की सड़क बनानी है तो वह हीरा मिल की जमीन पर बनाई जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह क्षेत्र न तो सिंहस्थ मेला क्षेत्र में आता है और न ही यहां कुंभ लगता है, इसलिए यहां 80 फीट चौड़े रोड का कोई औचित्य नहीं है।
मुख्य मार्ग ही 60-80 फीट, तो यहां इतना चौड़ा रोड क्यों?
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए राय ने कहा कि जब देवास रोड और इंदौर रोड जैसे शहर के मुख्य मार्ग ही 60 से 80 फीट चौड़े हैं, तो शहर के अंदरूनी हिस्से में इतनी चौड़ी सड़क क्यों बनाई जा रही है। यहां 50 फीट से ज्यादा रोड नहीं होना चाहिए। 80 फीट के चक्कर में न केवल सैकड़ों मकान टूटेंगे, बल्कि कई धार्मिक स्थल भी प्रभावित होंगे, जिनसे लोगों की आस्था जुड़ी है।
190 मकानों पर संकट, जनप्रतिनिधि सुध लें
गौरतलब है कि नगर निगम ने एमआर-4 के तहत इस सड़क को 24 मीटर चौड़ा करने का नोटिस जारी कर दिया है, जिसकी जद में करीब 190 मकान आ रहे हैं और रहवासियों को 7 दिन का अल्टीमेटम मिला है। रवि राय ने मुख्यमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि वे जनता के हित में आगे आएं और इस योजना पर पुनर्विचार करें। शहर के विकास के नाम पर गरीबों का विनाश नहीं होना चाहिए।



