गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर्स को नई सुरक्षा नया सम्मान
दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड का जागरूकता शिविर, ई-श्रम और नई संहिताओं के फायदों से कराया अवगत

उज्जैन। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, क्षेत्रीय निदेशालय इंदौर द्वारा उज्जैन के गिग वर्कर्स के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय निदेशक जगदीश सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में वालमो, जोमैटो, फ्लिपकार्ट और विभिन्न डिलीवरी स्टोर्स के कर्मचारियों को ई-श्रम और आभा कार्ड के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नई श्रम संहिताओं के लागू होने से मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि अब गिग और प्लेटफार्म वर्कर्स को न्यूनतम वेतन की गारंटी मिलेगी। इसके साथ ही ओवरटाइम करने पर दोगुना वेतन, 40 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों का मुफ्त हेल्थ चेकअप और पीएफ एवं ग्रेच्युटी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार ने ई-श्रम कार्ड के फायदे बताते हुए मौके पर ही असंगठित क्षेत्र के गिग वर्कर्स का पंजीयन करवाया। उन्होंने जानकारी दी कि 16 से 59 वर्ष आयु वर्ग के श्रमिक अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी होना आवश्यक है। शिविर में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की भी जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने और पंजीयन कार्य में डिलीवरी स्टोर के मैनेजर अनुज अग्रवाल, संस्कार शर्मा, लक्की, रवि प्रजापत, पाटीदार, नौशाद खान और अर्पित ने विशेष सहयोग प्रदान किया।



