धर्म-कर्म

गुमानदेव हनुमान मंदिर में कल मनेगा रंगोत्सव: चांदी की पिचकारी और टेसू के फूलों से होली खेलेंगे बाबा

पिपलीनाका स्थित अति प्राचीन मंदिर में रात 8 बजे से शुरू होगा आयोजन, बंटेगी शाही ठंडाई

उज्जैन। पिपलीनाका रोड स्थित अति प्राचीन बाबा गुमानदेव हनुमान गढ़ी में इस वर्ष भी रंगोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शनिवार, 7 मार्च को रात 8 बजे से बाबा गुमानदेव हनुमान के दरबार में रंगों का उल्लास छाएगा।

मंदिर के गादीपति पंडित चंदन श्याम नारायण व्यास ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी रंगोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस आयोजन में भक्त शास्त्रोक्त रीति और मंत्रोच्चार के साथ बाबा गुमानदेव हनुमान को अबीर और गुलाल लगाकर उनके साथ होली खेलेंगे। मुख्य आकर्षण के रूप में, टेसू के फूलों द्वारा तैयार किया गया प्राकृतिक रंग चांदी की पिचकारी से बाबा को अर्पित किया जाएगा।

होली खेलने के पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप शाही ठंडाई का वितरण किया जाएगा। इस दिव्य आयोजन के मुख्य आयोजक गादीपति पंडित चंदन श्याम नारायण व्यास, बाबा गुमानदेव हनुमान परिवार और ‘द इंटरनेशनल हनुमान मिशन’ हैं। आयोजन समिति ने नगर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस रंगोत्सव में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button