पाठशाला

गुरुजनों के प्रति सम्मान: दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों की अनोखी भेंट

गुंजन जोशी और अवधेश पांडेय बने सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी; सत्रांत पर आयोजित दीक्षांत समारोह में दी गई भावपूर्ण विदाई

गुरुजनों के प्रति अनूठा सम्मान: सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने स्कूल को भेंट किया फ्रिज

उज्जैन। सरस्वती विद्या मंदिर में 28 फरवरी को सत्रांत के उपलक्ष्य में दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और अपनी स्मृति के रूप में विद्यालय को एक फ्रिज भेंट किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व वंदना से हुआ। समारोह में पूर्व छात्र अभय त्रिवेदी मुख्य अतिथि तथा उज्जैन विभाग समन्वयक राकेश जोशी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इनके अलावा समिति अध्यक्ष राजेंद्र प्रकाश गुप्त, सह सचिव अभिलाष जैन, विद्यालय प्राचार्य भगवान सिंह ठाकुर, मक्सी मार्ग प्रधानाचार्य हर्षा और सरस्वती महाविद्यालय की प्राचार्य एकता इंग्ले भी मंचासीन रहीं।
कार्यक्रम की प्रथम कड़ी में विद्यालय प्राचार्य द्वारा अतिथियों का परिचय कराया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अतिथियों को श्रीफल व स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
कनिष्ठों ने दी भावपूर्ण विदाई
दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने मिलकर विभिन्न खेल खेले। विद्यालय के सभी क्षेत्रों में क्रियाशील रहने पर गुंजन जोशी और अवधेश पांडेय को विशेष खिताब से नवाजा गया। इस अवसर पर कनिष्ठ विद्यार्थियों ने वरिष्ठ विद्यार्थियों को तिलक लगाकर और फोटो फ्रेम प्रदान कर भावपूर्ण विदाई दी।
कार्यक्रम के समापन पर समिति सह सचिव अभिलाष जैन ने आशीर्वचन दिए। गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ यह आयोजन सभी विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय क्षण बन गया।

Related Articles

Back to top button