राजनीति

गैस की किल्लत और मनमाने दामों से हाहाकार: विरोध में सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, सोमवार को होगा कलेक्टर कार्यालय का घेराव

शहर व जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने खोला मोर्चा,

सड़क चौड़ीकरण में मार्गों की चौड़ाई कम करने और रहवासियों को मुआवजे की मांग करेंगे
किसानों के हक में उठी आवाज: 2700 रुपए प्रति क्विंटल हो गेहूं खरीदी का भाव
उज्जैन। शहर में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत और इसके बढ़ते दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। जनता गैस के लिए परेशान है, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। गैस संकट और महंगाई के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए अब कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। शहर एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी द्वारा इन जनसमस्याओं को लेकर सोमवार, 16 मार्च को सुबह 11 बजे कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
विधायक एवं जिलाध्यक्ष महेश परमार तथा मुकेश भाटी ने बताया कि आमजन और किसानों की ज्वलंत समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन को अल्टीमेटम दिया जाएगा कि यदि इन समस्याओं का तत्काल निराकरण नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इन 4 प्रमुख मांगों पर रहेगा कांग्रेस का फोकस
गैस संकट दूर हो: शहर में तत्काल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और इसके बढ़े हुए भाव कम कर जनता को राहत दी जाए।
किसानों को मिले सही दाम: समर्थन मूल्य के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कांग्रेस ने मांग की है कि गेहूं खरीदी का भाव बढ़ाकर 2700 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए।
चौड़ीकरण की मनमानी रुके: शहर में चल रहे विकास कार्यों और सड़क चौड़ीकरण को लेकर कांग्रेस ने मांग रखी है कि मार्गों की प्रस्तावित चौड़ाई कम की जाए। साथ ही, प्रभावित हो रहे रहवासियों को प्रशासन द्वारा तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। पिपलीनाका गढ़कालिका मार्ग की चौड़ाई 80 फीट रखी जाए। एम‌आर 4 की चौड़ाई 60 फीट की जाए। अन्य मार्गो पर जनता की मांग अनुसार कार्रवाई करें।
बिजली बिलों की लूट बंद हो: बिजली विभाग द्वारा आम उपभोक्ताओं से की जा रही बिजली बिलों की जबरिया वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।

Related Articles

Back to top button