धर्म-कर्म

गोपाल मंदिर से निकली खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

शहर में जगह-जगह हुआ स्वागत, रामघाट स्थित प्राचीन मंदिर पहुंचकर अर्पित किए निशान

उज्जैन। रामघाट स्थित पारदेश्वर महादेव मंदिर सिद्ध आश्रम में खाटू नरेश के प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय रंगारंग फाग महोत्सव उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आमलकी एकादशी (शुक्रवार) के अवसर पर सैकड़ों श्याम प्रेमियों ने गोपाल मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली।
सरोज अग्रवाल के अनुसार सुबह 10 बजे श्याम प्रेमियों ने अपने-अपने निशान का पूजन किया। इसके पश्चात सुसज्जित रथ और डीजे के साथ यात्रा शुरू हुई। यात्रा में शामिल श्रद्धालु ’हाथों में निशान हो, सामने मेरा श्याम हो’, ’डोरी खींच के राखी जे यो है श्याम बाबा को निशान’ और ’पैदल चालणिया के सागे चले बाबो श्याम’ जैसे सुमधुर भजनों पर झूमते नजर आए। यात्रा गोपाल मंदिर से पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, बक्शी बाजार, सवारी मार्ग और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट स्थित प्राचीन खाटू श्याम मंदिर पहुंची।
निशान यात्रा के मार्ग में अग्रवाल महिला मंडल, अग्रवाल सोशल ग्रुप, खांडल ब्राह्मण समाज, माहेश्वरी समाज, राठौर समाज, पोरवाल समाज, सोना-चांदी व्यापारी एसोसिएशन, बर्तन व्यापारी एसोसिएशन और किराना व्यापारियों द्वारा जगह-जगह रथ का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर पहुंचने पर भक्तों ने श्याम बाबा के चरणों में निशान अर्पित किए। इसके बाद महाआरती संपन्न हुई और सभी ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
भजन संध्या में भजनों की गूंज
शाम 7 बजे से मंदिर प्रांगण में भव्य भजन संध्या और फाग महोत्सव का आयोजन हुआ। भजन गायकों ने ’कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनो है’, ’दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से’ और ’घूंघटियो आड़े आ गए’ जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री श्याम सेवा समिति ने जुलूस के दौरान प्रशासन से मिले भरपूर सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। संपूर्ण आयोजन में समिति सदस्य सरोज अग्रवाल, तरुण मित्तल, सुरेंद्र जोशी, सुनील अग्रवाल, राजेश सारडा, संतोष शर्मा, गोलू भैया, विजय गोयल, सुधा अग्रवाल, रेखा गोयल सहित समस्त श्री श्याम सेवा समिति सदस्यों की सक्रिय व महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button