गौ-कृषि वाणिज्यम् से सुधरेगी अर्थव्यवस्था, किसान संघ ने रखा मालवा प्रांत में 11 लाख सदस्यता का लक्ष्य
भारतीय किसान संघ की प्रतिनिधि सभा भाग्यनगर में संपन्न; सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक पर रोक का प्रस्ताव पारित, स्वर्ण जयंती पर एक लाख गांवों तक होगा विस्तार

उज्जैन। तेलंगाना के भाग्यनगर में आयोजित भारतीय किसान संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा संपन्न हो गई है। इसमें देश भर के 37 प्रांतों के 512 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। आगामी सदस्यता अभियान के तहत मालवा प्रांत में 11 लाख नए सदस्य बनाने और हर पंचायत में ग्राम समितियां गठित करने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।
देशी गौवंश बचाने तकनीक पर रोक की मांग
अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने बताया कि प्रतिनिधि सभा में गौ आधारित जैविक कृषि और ‘गौ-कृषि वाणिज्यम्’ को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें देश भर में गौवंश संपदा को लुप्त करने वाली सेक्स सॉर्टेड सीमेन (लिंग आधारित वीर्य) तकनीक का उपयोग बंद करने की मांग की गई है। देशी नस्लें जलवायु अनुकूलता, पौष्टिक दूध और भू-सुपोषण के लिए महत्वपूर्ण हैं। निराश्रित बछड़ों की समस्या का समाधान उचित प्रबंधन है, न कि इस तकनीक से गौवंश को लुप्त करना।
स्वर्ण जयंती पर एक लाख गांवों तक विस्तार
अखिल भारतीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी ने बताया कि संगठन के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष को भव्य बनाने के लिए किसान संघ का विस्तार एक लाख गांवों तक किया जाएगा। इसके लिए हर प्रांत को कार्य, कार्यकर्ता और कार्यालय के रूप में स्वावलंबी बनाने पर जोर दिया गया है। साथ ही, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली में एक भव्य महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संगठन के मुख्य आधार कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर भी व्यापक चर्चा हुई।
गौ-कृषि वाणिज्यम् है अर्थव्यवस्था का आधार
समापन सत्र में अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि ‘गौ-कृषि वाणिज्यम्’ हमारी कृषि अर्थव्यवस्था का आधार है और इसका सफल मॉडल समाज के सामने रखने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘मैं’ के बजाय ‘हम’ की भावना से काम करने का आह्वान किया।
प्लास्टिक मुक्त रहा परिसर
पर्यावरण संरक्षण का कड़ा संदेश देते हुए प्रतिनिधि सभा का पूरा परिसर प्लास्टिक मुक्त रखा गया। साज-सज्जा के लिए भी केवल फूल-पत्तियों का उपयोग किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, प्रांत प्रचारक श्रीधर और किसान संघ के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।



