धर्म-कर्म

चैत्र प्रतिपदा गुड़ी पड़वा पर निकलेगा विशाल धर्म ध्वज चल समारोह, विक्रमादित्य टीले पर फहराएगी सबसे ऊंची ध्वजा

विक्रम संवत 2083 के आगमन पर सिंहस्थ की पेशवाई जैसा होगा भव्य आयोजन, संत समाज की मौजूदगी में बदलेगी धर्म ध्वजा

उज्जैन। श्री करपात्री कल्याण आश्रम बड़वाह एवं विक्रमादित्य नवसंवत् धर्म ध्वजा समिति के तत्वावधान में 19 मार्च को चैत्र प्रतिपदा गुड़ी पड़वा एवं हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में विशाल धर्म ध्वज चल समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह चल समारोह प्रातः 8.30 बजे छत्री चौक से प्रारंभ होकर पटनी बाजार, चौबीस खंबा और हरसिध्दि की पाल होते हुए रूद्रसागर स्थित विक्रमादित्य टीले पर संपन्न होगा। समापन के पश्चात टीले पर सबसे लंबी और ऊंची धर्म ध्वजा फहराई जाएगी।
संतों के सान्निध्य में निकलेगी भव्य यात्रा
51 फीट लंबी ध्वजा के साथ निकलने वाले इस चल समारोह की अगुवाई मुख्य अतिथि वाल्मिकीधाम के पीठाधीश्वर बाल योगी श्री उमेश नाथ महाराज करेंगे। कार्यक्रम में गुरु मां डॉ. कल्याणी चैतन्य के शिष्य एवं करपात्री कल्याण आश्रम के अध्यक्ष श्री सच्चिदानंद महाराज द्वारा पधारे हुए प्रमुख संतों का सम्मान किया जाएगा।
समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी श्री शैलेशानंद गिरीजी महाराज, महामंडलेश्वर भागवतानंद गिरी जी महाराज, महामंडलेश्वर श्री ज्ञानदासजी महाराज, स्वामी श्री अवधेशपुरीजी महाराज, महामंडलेश्वर प्रेमानंद गिरी जी महाराज, महंत मनीष दास जी गिरी एवं पं. गिरिश शर्मा गुरूजी सहित कई संत-महात्मा और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। संतों की उपस्थिति में ही पारंपरिक रूप से धर्म ध्वजा बदली जाएगी।
सिंहस्थ की पेशवाई जैसा होगा स्वरूप
संस्था ने इस चल समारोह को सिंहस्थ महापर्व में निकलने वाली पेशवाई जैसा भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया है। आयोजन में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, बटुक ब्राह्मण, शंख ध्वनी, बैंड, महिला भजन मंडली, इस्कॉन मंदिर की कीर्तन मंडली और गतका पार्टी शामिल होंगे। विशाल धर्म ध्वजा इस पूरे आयोजन में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
धर्म प्रेमियों से सहभागिता की अपील
समिति के मुख्य आयोजक फूलचंद जरिया, श्याम जायसवाल, महेश तिलक, किरण कांत मेहता, डॉ. नरेन्द्र अग्रवाल, देवेन्द्र राय, धर्मेन्द्र राठौर, योगेश साद, पंकज सोलंकी, गोपाल बागरवाल, घनश्याम चौधरी, महेंद्र कटियार, बुलबुल जायसवाल, जानू माली, मनोज ठाकुर, शारदा विशेन, लक्ष्मी लश्करी, पिंकी यादव, दुर्गा यादव, कविता राय और गीता यादव ने सभी धर्मानुरागी भक्तों, सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर विक्रम संवत 2083 का स्वागत धूमधाम से करने का अनुरोध किया है।

Related Articles

Back to top button