जल गंगा संवर्धन अभियान: रामघाट पर मां शिप्रा की भव्य आरती, लिया जल संरक्षण का संकल्प
मप्र जन अभियान परिषद व अवनिश्री संस्थान का संयुक्त आयोजन, 'नव शक्ति से नव भक्ति' की थीम पर दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

उज्जैन। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ‘नव शक्ति से नव भक्ति’ की थीम पर रामघाट स्थित पुण्य सलिला शिप्रा के तट पर भव्य आरती और विधिवत पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। यह आयोजन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड उज्जैन, नगर विकास प्रस्फुटन समिति वार्ड 21 और 22 तथा अवनिश्री जनकल्याण एवं शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम संयोजिका पूनम उत्तम दुबे ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ मां शिप्रा के पूजन-अर्चन से हुआ। उपस्थित जनों ने जल को जीवन का आधार मानते हुए इसके संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन की शपथ ली। ‘नव शक्ति से नव भक्ति’ के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। मप्र जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक अरुण व्यास ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इनकी रही उपस्थिति
आयोजन में पं. निक्कू दुबे द्वारा मां शिप्रा का पूजन व भव्य आरती संपन्न करवाई गई। अंत में सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अवनिश्री जन कल्याण संस्था की अध्यक्ष प्रियंका जोशी, सर्व सहाय फाउंडेशन के चयनित नवांकुर सुनील बारोड, अनीता शास्त्री, ज्योति व्यास, रक्षा पालीवाल, आयुषी दुबे, अवनी जोशी और परामर्शदाता पूर्णिमा गहलोत मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



