ड्राइवर कल्याण बोर्ड की मांग: उज्जैन सहित प्रदेशभर में 25 फरवरी को होगा जोरदार प्रदर्शन
शिवपुरी की बैठक में बनी रणनीति

उज्जैन। आगामी 25 फरवरी को उज्जैन सहित पूरे मध्य प्रदेश में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश भर के ड्राइवरों के लिए ‘कल्याण बोर्ड’ बनाए जाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई जाएगी। इस बड़े प्रदर्शन की रूपरेखा 22 फरवरी को शिवपुरी में आयोजित भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ (बीपीटीएमएम) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में तय की गई। उज्जैन के स्थानीय ई-रिक्शा और ट्रांसपोर्ट चालकों पर भी इस निर्णय का सीधा प्रभाव पड़ेगा, जिसके चलते 25 तारीख के प्रदर्शन में जिले से भारी भागीदारी की उम्मीद है।
शिवपुरी में आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री हरि सिंह रघुवंशी ने किया। बैठक में बीपीटीएमएम के प्रदेश प्रभारी व बीएमएस के प्रदेश मंत्री राजन नायर, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष गीता सोनी और अखिल भारतीय मंत्री युवराज सिंह राणावत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इनके अलावा बीएमएस के विभाग प्रमुख फतेह सिंह गुर्जर सहित बीपीटीएमएम और बीएमएस के कई अन्य प्रांतीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
इस प्रांतीय बैठक में उज्जैन सहित विभिन्न जिलों की यूनियनों के प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। विशेष रूप से असंगठित ई-रिक्शा चालक-परिचालक संघ के संरक्षक लक्ष्मीनारायण रजक, जिलाध्यक्ष विजय जैन, जिला महामंत्री अशोक गोमे और संजय सिंह चौहान सहित कई जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्षों ने इस बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और ड्राइवर कल्याण बोर्ड की मांग का पुरजोर समर्थन किया।



