धर्म-कर्म

ढुंढेश्वर महादेव मंदिर में गूंजे महामृत्युंजय मंत्र

अभिमंत्रित रुद्राक्ष पाकर खिले श्रद्धालुओं के चेहरे, समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का किया सम्मान

उज्जैन। महाकाल की नगरी और मोक्षदायिनी माँ क्षिप्रा के तट पर महाशिवरात्रि और शिव-पार्वती विवाह के पावन पर्व का उल्लास चरम पर है। इसी कड़ी में 84 महादेव श्रृंखला के तीसरे प्रमुख मंदिर, श्री ढुंढेश्वर महादेव (3/84) में शिव नवरात्रि महोत्सव के तहत भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
पं. अजय कृष्ण शंकर व्यास के अनुसार जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिर प्रांगण वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। यहाँ नित्य रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप के अनुष्ठान संपन्न हुए। महोत्सव का मुख्य आकर्षण ’दिव्य रुद्राक्ष वितरण’ रहा। 1008 स्वामी भगवतानंद गिरी महाराज, स्वामी शैलेशानंद महाराज और अन्य विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजन कर रुद्राक्षों को अभिमंत्रित किया गया। इसके पश्चात, मंदिर समिति द्वारा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को ये दिव्य रुद्राक्ष निशुल्क वितरित किए गए।
आयोजन के दौरान धर्म और समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महानुभावों का सम्मान भी किया गया। ढुंढेश्वर महादेव मंदिर सेवा समिति द्वारा अखिल भारतीय राष्ट्रीय औचित्य महासभा के अध्यक्ष व महामंडलेश्वर सत्यनारायण त्रिवेदी, पटेल भेरुलाल पटेल, प्रेम शंकर पंड्या, वासुदेव रावल, श्याम आचार्य, पंकज जोशी, वरिष्ठ पत्रकार महेंद्र सिंह बैस, आचार्य पं. राहुल शर्मा, समाजसेवी महेंद्र गादिया और सुभाष जैन का सम्मान मंदिर के पुजारी पं. अजय कृष्ण शंकर व्यास, पत्रकार कमल राही, विकास गुप्ता, पं. आशीष शर्मा, पं. सोनू गुरु, पं. जितेंद्र शुक्ल, पवन बाबा, पं. सोमेश जोशी, पं. राजेश कोरान्नै, पं. प्रशांत पंड्या, पं. रितेश त्रिवेदी और पं. देवकनंदन जोशी सहित महादेव मंदिर सेवा समिति के सदस्यों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को फलाहारी खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई।

 

Related Articles

Back to top button