कंट्रोवर्शियल

त्यौहारों के बीच ’उजाड़ने’ के नोटिस पर भड़के रहवासी

पार्षदों संग दिया धरना, निगम ने दिया भरोसे का आश्वासन

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व के दृष्टिगत नगर निगम द्वारा शहर में किए जा रहे चौड़ीकरण का असर अब त्यौहारों की रंगत पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। वीडी मार्केट से दानीगेट तक प्रस्तावित चौड़ीकरण के तहत टंकी चौराहा से मावा बाजार क्षेत्र के व्यापारियों और रहवासियों को तोड़फोड़ के नोटिस मिलते ही हड़कंप मच गया। इसके विरोध में आज स्थानीय रहवासियों ने पार्षदों के नेतृत्व में मावा बाजार चौराहे पर धरना दिया।
निगम ने सिंहस्थ के मद्देनजर वीडी मार्केट से दानीगेट तक सड़क चौड़ीकरण स्वीकृत किया है। हाल ही में निगम ने इस मार्ग पर स्थित मकानों और दुकानों को तोड़ने के नोटिस जारी किए थे। इससे नाराज रहवासियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अपनी पीड़ा सुनाते हुए कहा कि अगले एक माह में होली, रमजान और गैर चल समारोह जैसे बड़े आयोजन होने हैं। यह समय व्यापार का भी होता है, ऐसे में तोड़फोड़ की कार्रवाई से वे सड़क पर आ जाएंगे।
जनता की नाराजगी देखते हुए पार्षद अर्पित दुबे, वरिष्ठ नेत्री व पार्षद माया त्रिवेदी, मुजीब भाई सुपारी वाले और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संचित शर्मा ने रहवासियों के साथ मावा बाजार चौराहे पर ही धरना शुरू कर दिया। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि त्यौहारों के समय लोगों को बेघर करना या रोजगार छीनना उचित नहीं है।
धरने की खबर मिलते ही निगम के वरिष्ठ अधिकारी पवन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और रहवासियों से धरना समाप्त कर कार्यालय में चर्चा का अनुरोध किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने निगम कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा। चर्चा के बाद निगम प्रशासन ने आश्वस्त किया कि किसी भी कार्रवाई से पहले व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जाएगा, जिसके बाद विरोध शांत हुआ।

Related Articles

Back to top button