धर्म-कर्म

दत्त अखाड़े में मनाई गई श्री महंत राजेंद्र भारती जी महाराज और श्री महंत परमेश्वर भारती जी महाराज की पुण्यतिथि

रुद्राभिषेक और विशाल भंडारे का आयोजन, संतों ने जनकल्याण का लिया संकल्प

उज्जैन। दत्त अखाड़े में सतगुरु श्री श्री 1008 पीर श्री महंत राजेंद्र भारती जी महाराज और श्री महंत 1008 श्री श्री परमेश्वर भारती जी महाराज की पुण्यतिथि अपार श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अखाड़े के वर्तमान गादीपति और मार्गदर्शक सतगुरु श्री श्री 1008 पीर श्री सुंदर पुरी जी महाराज के आशीर्वाद से विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। आचार्य पंडितों और अखाड़े के संत परिवार ने रुद्राभिषेक कर दिवंगत गुरुदेव को नमन किया, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के वर्तमान सभापति श्री श्री महंत मोहन भारती जी महाराज और थानापति श्री विद्या भारती जी महाराज सहित अखाड़े के सभी संत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संतों ने गुरुओं के चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके द्वारा समाज के लिए किए गए महान कार्यों को याद किया।
‘गुरु बिन ज्ञान न उपजै, गुरु बिन मिलै न मोक्ष’
पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संतों ने कहा कि गुरुदेव ने अपना संपूर्ण जीवन सत्य, मानवता और आध्यात्मिक जागृति के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर अग्रसर किया। वक्ताओं ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि गुरुदेव का शरीर भले ही पंचतत्व में विलीन हो गया हो, लेकिन उनकी अमर विरासत और आध्यात्मिक मार्गदर्शन हमेशा भक्तों के हृदय में जीवित रहेंगे। उनके द्वारा दिखाए गए प्रेम और सेवा के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
परमहंस आदि शक्ति साधना केंद्र और साइको योग फाउंडेशन उज्जैन के राजू महाराज ने बताया कि गुरुदेव के आशीर्वाद से प्राप्त शक्ति, भक्ति और ज्ञान के जरिए जनकल्याण की नीतियों को निरंतर अपनाया जाता रहेगा।

Related Articles

Back to top button