समाज संसार

दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के 30वें राष्ट्रीय अधिवेशन कार्यालय का शुभारंभ

उज्जैन रीजन को मिली मेजबानी, 12 अप्रैल को राजस्थान के चांदखेड़ी में होगा भव्य आयोजन

उज्जैन। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के 30वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आयोजन कार्यालय का विधिवत शुभारंभ नानाखेड़ा स्थित हर्षदीप बिजनेस पार्क में संपन्न हुआ। यह एक दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 12 अप्रैल 2026 रविवार को राजस्थान के पावन अतिशय क्षेत्र चांदखेड़ी में आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन की जिम्मेदारी उज्जैन रीजन को सौंपी गई है।

पोस्टर एवं ऑनलाइन पंजीयन फॉर्म का विमोचन

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्री प्रशांत चौधरी ने बताया कि अधिवेशन को लेकर सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण से हुई। अतिथियों के स्वागत सत्कार के पश्चात अधिवेशन के पोस्टर एवं ऑनलाइन पंजीयन हेतु गूगल फॉर्म का विमोचन किया गया।

सामूहिक सहयोग से ऐतिहासिक बनेगा आयोजन

शुभारंभ के अवसर पर फेडरेशन के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राकेश विनायका ने कहा कि पदाधिकारियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति यह संकेत दे रही है कि यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ अधिवेशन होगा। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री अश्विन कासलीवाल ने कहा कि पिछले राष्ट्रीय अधिवेशन की जिम्मेदारी उज्जैन के सम्यक् ग्रुप ने बखूबी निभाई थी। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उज्जैन रीजन इस बार इस अधिवेशन को और भी अधिक भव्य बनाएगा। वहीं, कॉन्फ्रेंस चेयरमैन श्री हितेष जैन ‘परम’ ने कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सामूहिक सहयोग ही इस अधिवेशन की सफलता की कुंजी है।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

इस अवसर पर अध्यक्षीय सलाहकार श्री आशीष जैन सुतवाला, उज्जैन रीजन अध्यक्ष श्री नवीन जैन, रीजन सचिव श्री मनीष जैन, रीजन एवं कॉन्फ्रेंस कोषाध्यक्ष श्री रत्नेश जैन सहित उज्जैन, देवास एवं इंदौर के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री विमल जैन ने किया।

Related Articles

Back to top button