गपशप

दिल्ली में छाई मालवा की लोक संस्कृतिः राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के मंच पर उज्जैन के बाल कलाकारों का जलवा

’बाल संगम’ में संजा और गणगौर की प्रस्तुति ने मोहा मन; प्रतिकल्पा संस्था ने किया मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व, मिलीं खूब तालियां

उज्जैन। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय “25वें भारत रंग महोत्सव“ के अंतर्गत “बाल संगम“ में उज्जैन के नन्हे कलाकारों ने मालवी संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी। 10 से 14 फरवरी तक चले इस महोत्सव में देश भर की लोक संस्कृतियों का संगम देखने को मिला, जिसमें मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव उज्जैन की प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था को प्राप्त हुआ।
संजा, गणगौर और बधाई गीतों की गूंज
संस्था के अध्यक्ष डॉ. शिव चौरसिया ने बताया कि बच्चों में लोककला के संस्कार रोपित करने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग, नई दिल्ली द्वारा यह आयोजन किया गया था। इस दौरान प्रतिकल्पा के बाल कलाकारों ने लगातार 5 दिनों तक मालवा की विभिन्न लोक परंपराओंकृसंजा, गणगौर और बधाई गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद दर्शकों और कला प्रेमियों का दिल जीत लिया और खूब प्रशंसा बटोरी।
कार्यशाला में सीखे अभिनय के गुर
सिर्फ प्रस्तुति ही नहीं, बल्कि इस अवसर पर एनएसडी के कला विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के लिए विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं। इसमें उज्जैन के बाल कलाकारों ने अभिनय, संगीत, क्राफ्ट और संभाषण कौशल का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
निर्देशकों का हुआ सम्मान
महोत्सव के समापन समारोह में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के प्रमुख श्री रिकेन नगोमले और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दल के निर्देशन और नेतृत्व के लिए कुमार किशन और डॉ. पल्लवी किशन का विशेष सम्मान किया।
इन कलाकारों ने बढ़ाया मान
इस उपलब्धि में टीम के निर्देशन की कमान डॉ. पल्लवी किशन ने संभाली, जबकि दल प्रमुख कुमार किशन रहे। विशेष सहयोग वीणा व्यास का रहा। मालवा की इस प्रस्तुति को सुर और ताल देने में प्रीति देवले (गायन), विजय गांगुलीया और गगन जौहरी (ताल वाद्य) तथा विवेक धवन (हारमोनियम) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले बाल कलाकारों में रिद्धिमा खंडेलवाल, ईशान्वी राठौर, कावेरी कश्यप, रिद्धि सोनी, रिश्वी व्यास, निष्ठा शर्मा, प्रिंसीका बोरदिया, आकांक्षा मंडलोई, कनक बोरदिया, स्तुति जोशी, चाहत कश्यप, देवेशी चौहान, आद्या जोशी, स्तुति खत्री और विभास देवले शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button