धोखाधड़ी के विरोध में मंडी में किसानों के साथ कांग्रेस ने किया धरना प्रदर्शन
मंडी में तौल कांटे में हेराफेरी: 120 किलो उपज को तौला 100 किलो, व्यापारी पर एफआईआर

कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने किया प्रदर्शन, मुकदमा दर्ज होने के बाद खत्म हुआ धरना
उज्जैन। कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ तौल में बड़ी धोखाधड़ी के विरोध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक महेश परमार के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद धरना समाप्त हुआ।
ताजपुर निवासी किसान इदरीश खान अपनी गेहूं की फसल नीलामी के लिए मंडी लेकर आए थे, जहां मंडी में एक व्यापारी द्वारा तौल कांटे में गड़बड़ी कर 1 क्विंटल 20 किलो (120 किलो) उपज को महज 100 किलो बताया जा रहा था। उनके साथ हुई धोखाधड़ी की सूचना किसान कांग्रेस नेता अशोक जाट को दी गई। सीधे तौर पर प्रति तौल 20 किलो माल की चोरी पकड़े जाने के बाद सैकड़ों किसानों ने कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर मंडी परिसर में उग्र धरना प्रदर्शन किया। मामले में शिकायत के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने पर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा।
मंडी में हुए इस विरोध प्रदर्शन में महेश परमार के साथ शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी और जिला किसान कांग्रेस के नेता अशोक जाट सहित संचित शर्मा, अर्पण राठौर सहित कई अन्य नेता और सैकड़ों किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने व्यापारी द्वारा की जा रही इस खुली लूट का विरोध करते हुए आरोपी पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी।
किसानों के उग्र प्रदर्शन और भारी दबाव के बाद प्रशासन हरकत में आया। आरोपी व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही मंडी प्रशासन ने संबंधित व्यापारी की आईडी बंद कर दी है और उसका लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। व्यापारी पर एफआईआर दर्ज होने के बाद किसानों ने अपना धरना और आंदोलन समाप्त कर दिया है।



