धर्म-कर्म

नगरवासियों की सुख-समृद्धि के लिए महाअष्टमी पर होगी नगर पूजा, माता को लगेगा मदिरा का भोग

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज पहुंचेंगे उज्जैन, 24 खंबा माता मंदिर से शुरू होगी 28 किलोमीटर लंबी यात्रा

उज्जैन। नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर चैत्र माह की नवरात्रि के अंतिम दिन महाअष्टमी पर श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार आयोजित होने वाली नगर पूजा का निर्वहन किया जाएगा। गुरुवार को 24 खंबा स्थित माता महामाया और महालाया माता को मदिरा का भोग लगाया जाएगा। इस भव्य नगर पूजा में शामिल होने के लिए मां मनसा देवी ट्रस्ट हरिद्वार के अध्यक्ष, श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा के सचिव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज कल उज्जैन आएंगे। उनके साथ अन्य संत-महंत और महामंडलेश्वर भी शामिल होंगे।
प्राचीन समय से जारी है परंपरा
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रबंधक द्वय डॉ. राहुल कटारिया और डॉ. गोविंद सोलंकी ने बताया कि प्राचीन समय से नगर पूजा होती आ रही है। कोरोना महामारी के दौरान भी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने हरिद्वार से आकर इस परंपरा का निर्वहन किया था। इसी क्रम में गुरुवार प्रातः 8 बजे 24 खंबा माता मंदिर से नगर पूजा प्रारंभ होगी।
28 किलोमीटर मार्ग पर चलेगी मदिरा की धारा
इस यात्रा में 28 किलोमीटर लंबे मार्ग में कोटवार एक हांडी में मदिरा की धारा लेकर चलते हैं। रास्ते में आने वाले प्रमुख देवी और भैरव मंदिरों में नए ध्वज और चोला चढ़ाया जाता है। वहीं कुछ देवी मंदिरों में वहां माता रानी को पूजन सामग्री के साथ मदिरा का भोग लगाने की भी परंपरा है। पूरी यात्रा में बैंड-बाजों के साथ भक्तगण माता के जयकारे लगाते हुए चलते हैं। रात 8 बजे अंकपात मार्ग स्थित हांडी फोड़ भैरव पर यात्रा का समापन होगा।
कन्या पूजन और विशाल भंडारे का होगा आयोजन
अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता डॉ. गोविंद सोलंकी ने बताया कि यात्रा के पश्चात बड़नगर रोड स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी में भव्य कन्या पूजन के साथ भक्तों का भंडारा आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी अखाड़ों के संत-महंतों के साथ जनप्रतिनिधि और अधिकारी गण शामिल होंगे। नगर पूजा के लिए श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े से जुड़े कई महामंडलेश्वर और पदाधिकारी हरिद्वार सहित अन्य स्थानों से उज्जैन पहुंच रहे हैं। उज्जैन के वसूली पटेल तोलाराम अंजना भी नगर पूजा की तैयारियों में पूरे मनोयोग से जुटे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button