पाठशाला

“नन्हे कलाकारों ने किरदारों में ढलकर बिखेरा हुनर का रंग”

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जीता सभी का दिल

उज्जैन। अक्षत इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों के लिए आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रंगों, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास से भरपूर रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मिस वर्ल्ड, शिनचैन, झांसी की रानी, माँ अहिल्याबाई, रानी पद्मावती, सुनीता विलियम्स जैसे प्रसिद्ध और प्रेरणादायक पात्रों का प्रभावशाली मंचन कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाज सेविका सुनीता पंड्या एवं विशेष अतिथि दंत चिकित्सक डॉ. प्रिंस कुशवाह रहे। दोनों अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और विद्यार्थियों को संबोधित किया। सुनीता पंड्या ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिनय क्षमता की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे भी ऐसे मंचों पर निखरने के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ. कुशवाह ने बच्चों को मुख स्वास्थ्य, दंत स्वच्छता और दाँतों की देखभाल के महत्वपूर्ण टिप्स देकर जागरूक किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वेणुनाद निनाद नृत्य अकादमी की प्रशिक्षक नेहा गुप्ता एवं मुद्रा एवं योगाचार्य राखी प्रजापति शामिल रहीं, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुति, भाव-भंगिमा और आत्मविश्वास की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक राहुल पांड्या, अकादमिक निदेशक सरोज वागले, उप-प्राचार्या पल्लवी दिवाकर, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिकाएँ पूजा यादव एवं निहारिका परमार ने कुशलता से किया। यह जानकारी सीसीओ राखी मेहता द्वारा प्रदान की गई।

Related Articles

Back to top button