निःशुल्क मल्टीस्पेशलिटी शिविर 12 मार्च को, उज्जैन व इंदौर के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श

उज्जैन। शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। तेजंकर हॉस्पिटल्स (उज्जैन), दीपज्योति वेलफेयर सोसायटी और शैल्बी हॉस्पिटल्स (इंदौर) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार, 12 मार्च 2026 को एक विशाल ‘निःशुल्क मल्टीस्पेशलिटी विशेष परामर्श शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है।
दीपज्योति वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष डॉक्टर दीपक जैन ने बताया कि यह शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तेजंकर हॉस्पिटल्स (86 विश्वविद्यालय मार्ग, माधव क्लब रोड, तीन बत्ती चौराहे के पास, उज्जैन) में आयोजित होगा। मरीजों को बेहतर निदान के लिए अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट साथ लाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, शिविर में आने वाले मरीजों को हॉस्पिटल में होने वाली जांचों और दवाइयों पर विशेष छूट का लाभ भी मिलेगा।
उज्जैन के विशेषज्ञ देंगे ये परामर्श
शिविर में दीपज्योति वेलफेयर सोसायटी, उज्जैन के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी। स्त्री एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नियति जैन शाह स्तन में परिवर्तन, असामान्य रक्तस्राव, पेट और श्रोणि में दर्द, वजन और भूख में अचानक बदलाव, लगातार थकान, त्वचा या पाचन में परिवर्तन और लगातार खांसी जैसी समस्याओं के लिए परामर्श देंगी। दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रिंस कुशवाह दांतों में तेज या लगातार दर्द, मसूड़ों की समस्याओं (सूजन/संक्रमण), मुंह से दुर्गंध, हिलते हुए दांत और जबड़े की समस्याओं का निदान करेंगे।
इंदौर के विशेषज्ञों की भी मिलेंगी सेवाएं
इनके साथ ही शैल्बी हॉस्पिटल, इंदौर के प्रसिद्ध डॉक्टरों द्वारा भी अपनी सेवाएं दी जाएंगी। हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं जॉइंट सर्जन डॉक्टर अंकुश अग्रवाल घुटने या कूल्हे में दर्द, चलने में तकलीफ, चाल में बदलाव, सीढ़ियां चढ़ने-उतरने या उठने-बैठने में परेशानी और कूल्हे के फ्रैक्चर जैसी समस्याओं का परामर्श देंगे। मस्तिष्क एवं मिर्गी रोग विशेषज्ञ (न्यूरो फिजिशियन) डॉक्टर सावन अग्रवाल लकवा, मिर्गी व अन्य दौरे, माइग्रेन, सिरदर्द, मस्तिष्क में गठान, चक्कर और मांसपेशियों की कमजोरी के मरीजों को देखेंगे। वहीं, किडनी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मोहित नरेड़ी शरीर में सूजन, भूख में कमी, पेशाब की समस्या (जलन, दर्द, खून, झाग या प्रोटीन जाना), सांस फूलना और पेट या कमर में दर्द की स्थिति में अपना विशेष परामर्श देंगे।
आयोजकों ने बताया कि मरीज असुविधा से बचने के लिए पहले से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। अधिक जानकारी एवं अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 70499 18753 और 83496 16161 पर संपर्क किया जा सकता है।



