सेहतनामा

निःशुल्क हृदय जांच शिविर 1 फरवरी से

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उपलब्धियों भरे ऐतिहासिक दो वर्षों के उपलक्ष्य में पूर्णिमाश्री सेवा संगठन का अभियान कल से संपूर्ण जिले में

विगत 25 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया है अभियान का शुभारंभ
1 फरवरी रविवार को शास्त्रीनगर, 2 फरवरी सोमवार को राजीव नगर, प्रकाश नगर एवं कंचनपुरा में होगा शिविर का आयोजन
उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उपलब्धियों भरे ऐतिहासिक 2 वर्षों के उपलक्ष्य में पूर्णिमाश्री सेवा संगठन द्वारा जिला प्रशासन के विशेष सहयोग से संपूर्ण उज्जैन जिले में निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पहला शिविर उज्जैन नगर के शास्त्रीनगर स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में अमलतास सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल देवास के सहयोग से प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
अभियान के मुख्य संयोजक एवं पूर्व भाजपा जिला महामंत्री सत्यनारायण खोईवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा से उक्त अभियान में उज्जैन जिले के 100 से अधिक स्थानों पर निःशुल्क हृदय जांच शिविर आयोजित किये जाएंगे। इस अभियान का शुभारंभ विगत दिवस मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों से विद्या भारती भवन चिंतामण रोड़ पर किया गया है। इस श्रृंखला के अंतर्गत पहला शिविर उज्जैन नगर के शास्त्रीनगर में स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर प्रातः 10 बजे से संध्या 4 बजे तक अमलतास सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल देवास के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। 2 फरवरी को उज्जैन शहर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित राजीव नगर मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, प्रकाश नगर संजीवनी क्लिनिक, कंचनपुरा संजीवनी क्लिनिक पर एसएन कृष्णा हॉस्पिटल उज्जैन, इंडेक्स हॉस्पिटल इदौर एवं अरविंदों हॉस्पिटल इंदौर के सहयोग से शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से संध्या 4 बजे तक किया जाएगा।
श्री खोईवाल ने आगे बताया कि इन शिविरों में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, लिक्विड प्रोफाईल, ईसीजी एवं ईको सहित हृदय रोग से संबंधित संपूर्ण जांचें पूर्णतः निःशुल्क की जावेगी। शिविर में पात्र व्यक्तियों के आयुष्यमान कार्ड बनाने की व्यवस्था भी की गई है। शिविर में चिन्हित मरीजों का आयुष्यमान योजना अंतर्गत ऑपरेशन एवं उपचार भी कराया जाएगा। शिविरों में हृदय रोग के विशेषज्ञ डॉ. अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान करेंगे।
जिलाधीश रोशनकुमार सिंह, सीएमएचओ श्री पटेल, पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के अध्यक्ष विक्रमसिंह गोंदिया, सर्वश्री धर्मेन्द्रसिंह भदौरिया, प्रकाश गोमे, दीपक अग्रवाल, कन्हैयालाल चौहान, विजय द्विवेदी, बाबूलाल पंवार सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों ने शिविर में पधारकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील शहरवासियों से की है।

Related Articles

Back to top button