पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी, मोबाइल से दूर रहें बच्चे- सोनू गहलोत
अमेरिका में बसे डॉ. ऐश्वर्य की ओर से उज्जैन के स्कूली बच्चों को मिली सौगात

रोटरी क्लब उज्जैन ने शासकीय स्कूल में बांटे बैग और स्टेशनरी
उज्जैन। बच्चों को अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद पर भी बराबर ध्यान देना चाहिए और मोबाइल की दुनिया से दूर रहकर शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।
यह विचार पूर्व नगर निगम सभापति सोनू गहलोत ने व्यक्त किए। वे रोटरी क्लब उज्जैन द्वारा शासकीय प्राथमिक विद्यालय ज्ञान टेकरी, पिपली नाका में आयोजित सामग्री वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के सौजन्य से स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, पेन, पेंसिल, रबर, शार्पनर और खेल सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर पर्यावरण कार्यकर्ता एवं रोटेरियन कृष्णकांत पवार ने बताया कि यह समस्त सामग्री उनके सुपुत्र डॉ. ऐश्वर्य पवार (यूएसए) द्वारा बच्चों के लिए उपहार स्वरूप भेजी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में सहयोग जारी रहेगा।
रोटेरियन सुरेश शर्मा ने क्लब की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश चंद्र चागेसिया ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान शिक्षक मुनीश सक्सेना, सुरेश गहलोत एवं नरेश कुशवाहा उपस्थित रहे।



