समाज संसार
पुलवामा की छठी बरसी: ‘कर चले हम फिदा…’ गीत के साथ वीर जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
14 फरवरी 2019 को हुए कायराना हमले में शहीद हुए 40 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की

उज्जैन। पुलवामा आतंकी हमले की छठी बरसी पर शुक्रवार को देश के वीर सपूतों को नम आंखों से याद किया गया। सर सैयद अहमद वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 14 फरवरी 2019 को हुए कायराना हमले में शहीद हुए 40 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सोसाइटी के अध्यक्ष पंकज जायसवाल एवं संरक्षक सैयद अबीद अली मीर ने बताया कि आज का दिन भारत के इतिहास में एक काला दिन है, जब देश ने अपने 40 महान सपूतों को खो दिया था। श्रद्धांजलि सभा के दौरान शहर के प्रसिद्ध गायक डॉ. तेज कुमार मालवीय ने देशभक्ति गीत “कर चले हम फिदा जान-ओ-तन साथियों, अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों” प्रस्तुत किया। उनके स्वर और गीत के भावों ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
दो मिनट का मौन रख किया नमन
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात शहीद स्मारक पर जवानों के चित्रों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से शिक्षाविद सादिक मंसूरी, मध्य प्रदेश हज कमेटी के पूर्व सदस्य हाजी इकबाल हुसैन, चेतन ठक्कर, शरीफ खान, शाकिर खान, रणजीत सिंह, अनुदीप गंगवार, कपिल भारद्वाज और इकबाल उस्मानी उपस्थित थे। उक्त जानकारी इरफान राइन और सैयद आशिक अली ने दी।



