गपशप

पुलवामा के शहीदों को नमन: 14 फरवरी को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, 1965-71 के युद्धवीरों का होगा सम्मान

शहीद पार्क से शुरू होगी तिरंगा यात्रा, आयोजन को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ता

उज्जैन। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर आगामी 14 फरवरी 2026, शनिवार को धर्मनगरी उज्जैन देशभक्ति के रंग में रगी नजर आएगी। देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने हेतु ‘शहीद दिवस’ पर भव्य तिरंगा यात्रा और पूर्व सैनिकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध के साक्षी रहे युद्धवीरों सहित 21 पूर्व आर्मी अधिकारियों का विशेष सम्मान किया जाएगा।
इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन मप्र युवा शिव सेना गौ रक्षा न्यास, सर्व कल्याण बजरंग दल और श्री रूप सिंह दरबार बामनिया बंजारा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक मनीष सिंह चौहान ने बताया कि वर्ष 2019 से निरंतर यह आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलवामा के 40 अमर जवानों की शहादत को नमन करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाना है।
दोपहर में शहीद पार्क से विशाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ होगा। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ यह यात्रा टॉवर चौक, ओवरब्रिज, चामुंडा माता मंदिर, और कोयला फाटक होते हुए चरक अस्पताल के सामने स्थित सामाजिक न्याय परिसर पहुंचेगी, जहां इसका समापन श्रद्धांजलि सभा में होगा।
आयोजन का मुख्य आकर्षण पूर्व सैनिकों का सम्मान समारोह रहेगा। इसमें 1965 एवं 1971 के ऐतिहासिक युद्धों में अदम्य साहस का परिचय देने वाले पूर्व सैनिक श्री बने सिंह जादौन को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उनके साथ 21 अन्य पूर्व सैन्य अधिकारियों को मंच पर शाल और श्रीफल भेंटकर, समाज की ओर से कृतज्ञता ज्ञापित की जाएगी।
इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं। तैयारियों में प्रमुख रूप से श्रीमती हेमलता तोमर, मुरली निगम, राहुल मौणावट, राजकुमार झंझोट, मुकेश कुमावत, राहुल जाट, विश्वास सिंह चौहान, हरि माली, कैलाश चावड़ा, देवराम जाट, दिनेश दादा कर, गिरधारी खींची, हरीश राठौर, नितेश पटेल, सुशील बर्मन, राजेश देसाई, विशाल नगर, फुलु कदम पहलवान, कृष्णपाल सिंह, सब्बू तिवारी, कमल सिंह दरबार, धारा सिंह चौहान, भानु ठाकुर, बने सिंह माली, पप्पू नाथ मकवाना, राजेश पांचाल, मुकेश कुशवाह, विकास गोयल, अंतर सिंह कुशवाहा, जीवन सिंह बादल, मनीष बैरागी, भैरू सिंह मालवी, अशोक रैकवार, पवन बरोलिया, लोकेंद्र सिंह, राहुल चावड़ा, शुभम चौधरी, योगेश मराठा, पदम चौहान, अनिल धरमवीर एवं अजय माली सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजकों ने समस्त उज्जैनवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें और सैनिकों का मनोबल बढ़ाएं।

Related Articles

Back to top button