गपशप

प्रसिद्ध व्यंग्यकार बी.एल. आच्छा को मिलेगा व्यंग्य यात्रा व्यंग्य चिंतक सम्मान

सम्मान समारोह 21 मार्च, 2026 को दिल्ली स्थित हिंदी भवन में होगा

उज्जैन। ‘व्यंग्य यात्रा’ के तत्वावधान में प्रति वर्ष आयोजित होने वाला ‘व्यंग्य यात्रा व्यंग्य चिंतक सम्मान’ शहर के प्रसिद्ध व्यंग्यकार बी.एल. आच्छा को प्रदान किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए डॉ. हरीशकुमार सिंह ने बताया कि बी.एल. आच्छा के कई व्यंग्य संकलन प्रकाशित हुए हैं और उनकी व्यंग्य रचनाएं मुंबई विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में सम्मिलित की गई हैं। मध्यभारत हिन्दी साहित्य समिति इंदौर के शताब्दी सम्मान सहित आलोचना, संपादन और लघुकथा के लिए आपको कई सम्मान प्राप्त हैं। ‘व्यंग्य यात्रा व्यंग्य चिंतक सम्मान’ शहर के प्रसिद्ध व्यंग्यकार बी.एल. आच्छा और संजीव कुमार (नई दिल्ली) को प्रदान किया जा रहा है।
सम्मान देने का यह निर्णय वरिष्ठ व्यंग्यकार और व्यंग्य यात्रा के सम्पादक प्रेम जनमेजय की अध्यक्षता वाली समिति ने लिया, जिसमें ममता कालिया और साहित्यकार रणविजय राव शामिल हैं। व्यंग्य यात्रा की दो दशकीय यात्रा को रेखांकित करने वाले इस सम्मान की राशि पंद्रह हजार रुपए है। सम्मानित होने वाले दोनों साहित्यकारों को सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल दिया जाएगा। सम्मान समारोह 21 मार्च, 2026 को दिल्ली स्थित हिंदी भवन में शाम 5 बजे आयोजित होगा।
प्रेमचंद सृजन पीठ के निदेशक मुकेश जोशी, मध्यप्रदेश लेखक संघ उज्जैन के अध्यक्ष प्रो. हरिमोहन बुधौलिया, प्राची के अध्यक्ष एवं व्यंग्यकार शशांक दुबे आदि ने बी.एल. आच्छा की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रदान कर हर्ष व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button